रायपुर: 30 लाख की उधारी और ब्याज के विवाद में शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा ने की साथी शिक्षक की हत्या, VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट से खुला राज।

रायपुर/आरंग: रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र में एक शिक्षक द्वारा अपने ही साथी शिक्षक की हथौड़े और धारदार हथियार से नृशंस हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। जांच में सामने आया है कि 30 लाख रुपये की उधारी और पिछले तीन महीनों से बकाया ब्याज के विवाद को लेकर इस वारदात को अंजाम दिया गया।

महानदी तट पर मिला था शव, चरवाहे के बयान से गहराया शक :

17 सितंबर 2026 को आरंग पुलिस को ग्राम बनचरौदा के पास महानदी तट पर एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी। मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। पुलिस ने शिनाख्त की तो मृतक की पहचान गोबरा नवापारा निवासी शिवकुमार चंद्राकर (46) के रूप में हुई।

जांच के दौरान सामने आया कि मृतक शिवकुमार और आरोपी चंद्रप्रकाश वर्मा दोनों ग्राम कुम्हारी के एक ही स्कूल में पदस्थ थे। स्थानीय ग्रामीणों और एक चरवाहे ने पुलिस को बताया कि शिवकुमार को आखिरी बार चंद्रप्रकाश के साथ सफेद रंग की स्कूटी पर बनचरौदा की तरफ जाते देखा गया था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने तफ्तीश आगे बढ़ाई।

मोबाईल बंद कर रचा षड्यंत्र, VSK ऐप की टाइमिंग ने फंसाया :

आरोपी ने खुद को बचाने के लिए पूरी साजिश रची थी, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों ने उसकी पोल खोल दी:

  • लोकेशन बंद कर निकला: आरोपी 17 सितंबर की सुबह 9:30 बजे स्कूल पहुंचा, फिर अपने फोन की लोकेशन बंद कर निजी काम का बहाना बनाकर बाहर चला गया।
  • फर्जी अटेंडेंस की कोशिश: हत्या को अंजाम देकर दोपहर करीब 1:00 बजे स्कूल लौटने पर उसने मोबाइल घर छूटने का बहाना बनाया और दूसरे शिक्षक के फोन से शिक्षा विभाग के ‘VSK ऐप’ पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
  • सीसीटीवी और लॉग रिपोर्ट: पुलिस ने जब स्कूल के सीसीटीवी फुटेज और VSK ऐप की लॉग टाइमिंग का मिलान किया, तो आरोपी की संदिग्ध गतिविधियों की पुष्टि हो गई।

30 लाख की उधारी और ट्रेडिंग में नुकसान बना हत्या का कारण :

पुलिस हिरासत में कड़ाई से पूछताछ के दौरान आरोपी चंद्रप्रकाश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह और शिवकुमार पिछले 4 सालों से साथी थे और मिलकर रेत, रियल एस्टेट तथा बुलियन मार्केट में ट्रेडिंग करते थे।

आरोपी ने इन कामों के लिए शिवकुमार को 30 लाख रुपये उधार दिए थे, जिसके एवज में शिवकुमार ने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के तीन ब्लैंक चेक दे रखे थे। आरोपी हर महीने इस रकम पर ब्याज लेता था। पिछले तीन महीने से ब्याज नहीं मिला था और तकादा करने पर दोनों के बीच गाली-गलौज व विवाद बढ़ गया था, जिससे परेशान होकर उसने हत्या की योजना बनाई।

जंगल में ले जाकर हथौड़े से किया वार, सामान बरामद

17 सितंबर की सुबह दोनों कुम्हारी स्कूल के बाहर मिले और बात करते हुए बनचरौदा के सुनसान इलाके में पहुंचे। वहां विवाद गहराने पर चंद्रप्रकाश ने स्कूटी में पहले से रखे धारदार हथियार से शिवकुमार के सिर पर पीछे से हमला किया और नीचे गिरने के बाद हथौड़े से चेहरे व सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी जान ले ली।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई सफेद स्कूटी, हथौड़ा, धारदार हथियार, मृतक का पर्स, तीन ब्लैंक चेक, दोनों के मोबाइल फोन और आरोपी के खून से सने कपड़े व जूते-मोजे जब्त कर लिए हैं।