दुर्ग/कुम्हारी : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले स्थित कुम्हारी के स्टेशन चौक क्षेत्र में सेंट्रल GST इंटेलिजेंस की टीम ने रविवार को एक अवैध गुटखा निर्माण इकाई पर छापा मारा। रिहायशी क्षेत्र में स्थित इस कारखाने में ‘सितार’ ब्रांड का गुटखा तैयार किया जा रहा था। टीम ने मौके से गुटखा बनाने में प्रयुक्त 2 आधुनिक मशीनें और लगभग 30 बोरा तैयार गुटखा जब्त किया है।
गुप्त सूचना पर 3 गाड़ियों में पहुंची 12 सदस्यीय टीम :
खुफिया इनपुट के आधार पर सेंट्रल GST इंटेलिजेंस के 10 से 12 अधिकारियों का दल तीन वाहनों में अचानक मौके पर पहुंचा और पूरे परिसर को घेर लिया। गोदाम के भीतर बड़े पैमाने पर गुटखा तैयार किया जा रहा था। अधिकारियों ने निर्माण में लगी मशीनों को तुरंत रुकवा कर स्टॉक, कच्चे माल और वहां मौजूद दस्तावेजों की पड़ताल शुरू की। जब्त की गई सामग्री और मशीनों की अनुमानित कीमत लाखों रुपए आंकी जा रही है।
सुरेश गुप्ता का बताया जा रहा परिसर, टैक्स चोरी की जांच तेज :
प्राथमिक जानकारी के अनुसार जिस गोदाम में यह अवैध कारखाना संचालित हो रहा था, वह सुरेश गुप्ता नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है। जांच अधिकारी निर्माण, कच्चे माल की आवक और तैयार माल की आपूर्ति से जुड़े लेन-देन के रिकॉर्ड खंगाल रहे हैं, ताकि बड़े स्तर पर टैक्स चोरी का आंकलन किया जा सके।
कार्रवाई पूरी करने के बाद सेंट्रल GST की टीम दोनों मशीनों और 30 बोरा गुटखे को सुरक्षित जब्त कर रायपुर रवाना हो गई। विभाग की ओर से अभी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है; जब्त दस्तावेजों के ऑडिट और स्टॉक मूल्यांकन के बाद संबंधित फर्म और संचालक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।



