प्रॉपर्टी डीलर दीपक के यहाँ लाखों की चोरी, कमरे में आग लगा गये चोर, आधी रात को मचा हड़कम्प।

रायपुर : बीती रात सिविल लाईन क्षेत्र में एक प्रॉपर्टी डीलर के घर पर चोरों ने धावा बोला। चोर लाखों की चोरी करके भाग निकले। जाने से पहले चोरों ने कमरे में रखे डीवीआर व अन्य सामान में आग लगा दिया, आग लगने से कमरे में धुआं भर गया। धुआं मकान के ऊपरी मंजिल में पहुंचा, तब परिवार वालों को जानकारी हुई, और परिजनों में हड़कम्प मच गया। पीड़ित परिवार ने 30 लाख रूपये से अधिक की चोरी की शिकायत सिविल लाइन थाने में की है। पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामले में पीड़ित परिवार के करीबी लोगों पर शक की सुई है। अक्सर ठण्ड के मौसम में लोग जल्दी सो जाते है, जिसके कारण चोरों का आतंक बढ़ जाता है।

पुलिस ने बताया कि न्यू शांति नगर निवासी दीपक गाइन प्रॉपर्टी डीलर का काम करते हैं। उनका तीन मंजिला मकान है। ग्राउंड फ्लोर के एक हिस्से में उनका ऑफिस भी है। शनिवार की रात खाना खाने के बाद सभी दूसरी मंजिल में सो गए। अचानक रात को करीब 2 बजे धुआं ऊपर तक आने लगा। इससे उनकी नींद खुल गई और वो नीचे पहुंचे, तो ऑफिस से लगे कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। कमरे के भीतर आग लगी हुई थी। तत्काल आग को बुझाया गया। आग से सीसीटीवी कैमरे के डीवीआर व अन्य सामान जल गए थे। ऑफिस में रखे नकदी और जेवर सहित 30 लाख से ज्यादा का माल गायब था। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर रात में ही सिविल लाइन पुलिस पहुंची। दीपक ने 30 लाख से अधिक की चोरी की शिकायत की है।

प्रिंटर और डीवीआर जलाया :

मिली जानकारी के अनुसार जिस कमरे में चोरी हुई है। वह प्रापर्टी डीलर दीपक का आफिस कमरा था, वहां रखा प्रिंटर, दस्तावेज और डीवीआर जल गए हैं। पुलिस को आशंका है कि आग लगने के बाद अचानक से बुझ कैसी गई और फैली कैसे नहीं। पुलिस हर तथ्यों पर जांच कर रही है। सबके बयान दर्ज कर रहे हैं। आग के कारणों पर पुलिस संदेह व्यक्त कर रही है।

करीबी लोगों पर है पुलिस का शक पर शक :

प्रॉपर्टी डीलर के घर जिस ढंग से चोरी हुई है, उसमें किसी करीबी लोगों के शामिल होने का शक है। पुलिस प्रॉपर्टी डीलर के एक रिश्तेदार और वहां काम करने वाली महिला से पूछताछ कर रही है। घरेलू काम करने वाली महिला भी वहीं रहती थी। आमतौर पर चोरी के बाद चोर आग नहीं लगाते हैं, लेकिन यहां सीसीटीवी के डीवीआर में आग लगाई गई है। आशंका है कि चोरी के समय कमरे में लगी सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों की तस्वीर आ गई होगी, जिसे नष्ट करने के इरादे से डीवीआर को जलाया गया होगा। फिलहाल सिविल लाइन पुलिस अपराध दर्ज कर मामले की जांच में लगी है।