नये साल में यात्रियों के मुसीबत, छत्‍तीसगढ़ से गुजरने वाली इस रूट की ट्रेनें है रद्द, यात्रा करने से पहले जान लें ये जरुरी जानकारी….।

रायपुर : मध्य भारत के राज्य छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली अधिकांश एक्सप्रेस ट्रेनों की लेटलतीफी से परेशान यात्रियों के सामने एक और मुश्किल खड़ी हो गई है। दरअसल नए साल का जश्न मनाने के लिए दक्षिण भारत जाने की तैयारी कर चुके यात्री अचानक से ट्रेनों के रद्द होने से परेशान है, क्योंकि शनिवार 30 दिसंबर से कई साप्ताहिक ट्रेनें रद्द होने लगी है। इससे यात्रियों के लिये मुसीबत खड़ी हो गई है।

रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार रायपुर-बिलासपुर से होकर दक्षिण भारत के लिए चलने वाली साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द हो रही हैं। दरअसल दक्षिण मध्य रेलवे के काजीपेट-बल्लारशाह सेक्शन के हसनपार्थी पार्टी रोड स्टेशन और उप्पल स्टेशन के बीच तीसरी रेल लाइन के लिए ब्लॉक लगने जा रहा है, इसलिए कोरबा और बिलासपुर से बेंगलुरु, केरल, हैदराबाद, सिकंदराबाद जैसे शहरों के बीच नए साल के पहले सप्ताह में रद्द होने जा रही हैं। इससे इस रूट में यात्रा करने वाले यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

नए साल पर रेलवे ने दिया यात्रियों को जबरदस्‍त झटका :

जहाँ आज साल 2023 को अलविदा कहने और नए साल 2024 का जश्न मनाने के लिए एक महीने पहले से घूमने-फिरने की तैयारी कर चुके यात्रियों को या तो सफर रद्द करना पड़ रहा है या फिर फ्लाइट या सड़क मार्ग से जाने को विवश होना पड़ रहा है। काफी समय पहले बनाया हुआ कार्यक्रम जहाँ रद्द करना पड़ रहा है, वहीँ दूसरे रास्ते जाने पर दोहरी मार पड़ रही है।

रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण मध्य रेलवे में तीसरी रेल लाइन के कमीशनिंग के लिए नान इंटर लाकिंग काजीपेट-बल्लारशाह सेक्शन के हसन पार्थी पार्टी रोड स्टेशन व उप्पल स्टेशन के बीच शुरू हो चुका है। ऐसे में तीन जनवरी को कोरबा से चलने वाली ट्रेन नंबर 22647 कोचुवेली एक्सप्रेस रद्द रहेगी। यह ट्रेन एक जनवरी को कोचुवेली से नहीं चलेगी।

इसी तरह से दो और नौ जनवरी को बिलासपुर से ट्रेन नंबर 22619 तिरुनेलवेली एक्सप्रेस रद्द रहेगी। यह ट्रेन तिरुनेलवेली से 31 दिसंबर और सात जनवरी को रद्द रहेगी। नौ और 14 जनवरी को ट्रेन नंबर 12251 यशवंतपुर से कोरबा के लिए आने वाली ट्रेन रद्द रहेगी।

वही कोरबा से यह ट्रेन 11 और 14 जनवरी को रद्द रहेगी। ट्रेन नंबर 07051 हैदराबाद-रक्सौल स्पेशल एक्सप्रेस 30 दिसंबर को नहीं चली, जबकि छह और 13 जनवरी को रद और रक्सौल तरफ से दो, नौ और 16 जनवरी को रद्द रहेगी।

ट्रेन नंबर 03253 पटना-सिकंदराबाद स्पेशल एक्सप्रेस एक, तीन, आठ और 10 जनवरी को रद रहेगी। सिकंदराबाद से पांच और 12 जनवरी को पटना के लिए रद्द रहेगी। ट्रेन नंबर 07255 पटना-स्पेशल एक्सप्रेस हैदराबाद से तीन और 10 जनवरी को रद्द रहेगी। इन ट्रेनों में यात्रा करने वाले लोगों को दूसरी व्यवस्था का इंतजाम करना पड़ेगा।

इन ट्रेनों में अधिक मारामारी :

दक्षिण मध्य रेलवे में तीसरी रेल लाइन के लिए ब्लॉक की वजह से बिलासपुर और कोरबा से चलने वाली बेंगलूरु, केरल और हैदराबाद जैसे शहरों के लिए ट्रेन रद्द होने का दौर शुरू होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। क्योंकि दुर्ग से पुरी, सूरत-पुरी, अहमदाबाद पुरी जैसी ट्रेनें पिछले पखवाड़े भर से पैक चल रही हैं। इस रूट पर चलने वाली किसी भी ट्रेन में यात्रियों को केवल वेंटिंग टिकट ही मिल पा रहा है।

इसी तरह शिर्डी-साईंनगर एक्सप्रेस और बिलासपुर-तिरुपति एक्सप्रेस में लगातार यात्रियों की भीड़ बनी हुई है।ऐसे हालात में उज्जैन महाकाल का दर्शन कराने वाली बिलासपुर-भगत की कोठी और बीकानेर एक्सप्रेस में भी लगातार वेटिंग के हालात बने हुए है। उपरोक्त ट्रेनों की रद्द होने की जानकारी मिली है।