सूरजपुर में गुरु-शिष्य की मर्यादा तार-तार : 11वीं की छात्रा से वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म करने वाला शिक्षक गिरफ्तार, भेजा गया जेल।

सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले अंतर्गत भटगांव थाना क्षेत्र में शिक्षक की शर्मनाक करतूत सामने आई है, जिसने शिक्षा के मंदिर और गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया है। यहां एक स्कूल में पदस्थ शिक्षक पर कक्षा 11वीं में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा के साथ डरा-धमकाकर लगातार दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। परिजनों की शिकायत पर भटगांव थाना पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़िता क्षेत्र के एक स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा है। परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि स्कूल के शिक्षक ने छात्रा के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया और घटना का आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। इसके बाद आरोपी शिक्षक छात्रा को लगातार ब्लैकमेल करने लगा। वह वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने और परिजनों व समाज में बदनाम करने की धमकी देकर छात्रा पर दबाव बनाता रहा। सामाजिक बदनामी और भय के कारण छात्रा लंबे समय तक खामोश रही, जिसका नाजायज फायदा उठाते हुए आरोपी शिक्षक बार-बार उसके साथ अनाचार करता रहा।

आरोपी की लगातार बढ़ती प्रताड़ना और धमकियों से तंग आकर अंततः पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और पूरी आपबीती अपने परिजनों को बताई। घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित परिजन छात्रा को लेकर भटगांव थाने पहुंचे और आरोपी शिक्षक के खिलाफ नामजद लिखित शिकायत दर्ज कराई।

मामले की संवेदनशीलता और पीड़िता के नाबालिग होने को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया और गहन पूछताछ के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाओं को पूरा करने के पश्चात आरोपी को सक्षम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश जारी कर दिया। पुलिस मामले में साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी विवेचना कर रही है।