मंत्रालय में नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों की ठगी, शशि प्रभा साहू और अमित कुमार देवांगन गिरफ्त में।

कुरुद : छत्तीसगढ़ मंत्रालय में सरकारी नौकरी लगवाने तथा छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का ‘पारिजात भवन’ आवंटित कराने का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पीड़ित को झांसे में लेकर अलग-अलग माध्यमों से कुल 9 लाख 8 हजार रुपये की ठगी की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 20 सितंबर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुरूर थाना क्षेत्र के ग्राम भानपुरी निवासी पीड़ित मनीष साहू की पहचान फरवरी 2024 में रुद्री रोड स्थित एक होटल में शशि प्रभा साहू और अमित कुमार देवांगन से हुई थी। दोनों ने खुद को मंत्रालय का कर्मचारी बताते हुए दावा किया कि वे गृह निर्माण मंडल से पारिजात भवन का आवंटन करवा देंगे। पीड़ित का भरोसा जीतने के लिए आरोपी उसे नवा रायपुर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) के बाहर ले गए और अपनी ऊंची प्रशासनिक पहुंच का हवाला दिया। इसके बाद आरोपियों ने पारिजात भवन की कुल कीमत 14 लाख 12 हजार रुपये बताते हुए पीड़ित से किश्तों में रकम लेना शुरू किया।

आरोपियों ने पीड़ित से अलग-अलग बैंक खातों, फोन-पे, गूगल-पे और नकद के माध्यम से कुल 9.08 लाख रुपये हासिल किए। इसके अलावा सुरक्षा के नाम पर बैंक ऑफ बड़ौदा और भारतीय स्टेट बैंक के दो खाली हस्ताक्षरित चेक भी ले लिए। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब काम नहीं हुआ, तब पीड़ित को ठगी का संदेह हुआ और उसने अपनी रकम वापस मांगी। इस पर आरोपियों ने 2 लाख 98 हजार 999 रुपये लौटा दिए, लेकिन बाकी रकम देने से साफ इनकार कर दिया।

पीड़ित की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 185/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत विवेचना शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद 20 सितंबर को शशि प्रभा साहू और अमित कुमार देवांगन को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है।