रायपुर : सटोरियों और जुआरियों पर लगातार कार्यवाही जारी है, राजधानी की पुलिस आये दिन सटोरियों को पकड़ रही है, आज के तकनीकी ज़माने सटोरियों को पकड़ना काफी आसान भी है, फिर भी सटोरिये लगातार अपना काम कर रहे है। वहीँ राजधानी के नया बस स्टैंड के पार्क में बैठकर ऑनलाईन सट्टा संचालित करते भिलाई के दो सटोरियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी शाहिद रजा खान और गुलरेज रेड्डीबुक डाट ब्लू ऑनलाईन साइड का उपयोग कर सट्टा चला रहे थे। उनसे तीन लैपटाप, तीन मोबाइल, चार रजिस्टर, चार बैंक पासबुक, चार चेक बुक, दो डाट पेन और चार हजार रुपये जब्त किए गए हैं। ये दोनों यहाँ बेख़ौफ़ बैठकर अपने काम को अंजाम दे रहे थे।
खबर के मुताबिक टिकरापारा थाना पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक नया बस स्टैंड के गार्डन में सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक करने के लिए टीम गई तो आरोपी मोबाईल फोन और लैपटॉप पर ऑनलाईन सट्टा एप चालू कर सट्टा खेलते और कापी में हिसाब लिखते मिले। आरोपी शाहिद रजा खान निजामी चौक कृष्णा नगर सुपेला भिलाई का रहवासी है और गुलरेज ईदगाह चौक फरीद नगर सुपेला भिलाई का रहने वाला है। उन्होंने पैसे लेन-देन के लिए किराए पर लोगों से बैंक खाते, पासबुक और चेक लेना स्वीकार किया है। ऐसे लोगों को अपने दस्तावेज देने वालों पर भी पुलिस कार्यवाही संभावित होती है।
जुआ खेलते छह गिरफ्तार :
दूसरी घटना में टिकरापारा पुलिस ने ही सार्वजनिक स्थल पर जुआ खेलते 52 हजार रुपये से ज्यादा रकम के साथ छह जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कमल विहार सेक्टर-4 में अवैध रूप से जुआ खेल रहे आरोपी मोनू शर्मा, मुनीर खान, सुनील रोचलानी, संजय थारवानी, कृष्णा तांडी और विनोद लालवानी को पकड़ा है। ये सभी इकट्ठे होकर जुआ खेल रहे थे।