रायपुर : यूपी से जब अखिलेश यादव ने बंगला छोड़ा था तो उसको लेकर बवाल मचा था, उन पर सरकारी बंगले को नुकसान पहुँचाने के आरोप लगे थे, बाद में सोशल मीडिया में ट्रोलर्स उन्हें टोंटी चोर कहने लगे जिसको लेकर उन्होंने सफाई भी दी थी। ऐसा ही कुछ मामला छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री के बंगले से आया है, जिसको लेकर कोई कोई भी अधिकारी अथवा अन्य कुछ भी कहने से बच रहा है।
अब खबर के अनुसार छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को सिविल लाइन स्थित सरकारी बंगला आबंटित किया गया है। बंगले में पूर्व नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया निवासरत थे। कुछ दिन पहले ही पूर्व मंत्री ने बंगला खाली किया है। बंगले से एसी, सोफा, टेलीविजन, माडयूलर किचन का सामान गायब है। बंगले की हालत काफी ख़राब दशा में बताई जा रही है।
शिफ्ट होने से पहले स्वास्थ्य मंत्री ने निरीक्षण किया तो बंगले की स्थिति देखकर हैरान रह गए। बंगले में जहां-जहां एसी लगे थे, वो जगह खाली थी। जिन कमरों में बड़ी एलईडी लाइटें लगी थीं वो जगह भी बिलकुल खाली दिखी। इतना ही नहीं किचन में भी खासी तोड़फोड़ के निशान थे। माड्यूलर किचन सिस्टम भी गायब था। अधिकतर सामान नदारद थे, अब वर्तमान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को नये सिरे से जनता के पैसे खर्चकर सुधार करवाना पड़ेगा।
नुकसान के जिम्मेदार से करायेंगे भरपाई :
स्वास्थ्य मंत्री ने मामले की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का कहना है कि बंगले से जितना भी सामान गायब हुआ है, उसकी रिकवरी कराई जाएगी। जरूरत पड़ी तो कुर्की तक कराएंगे। पुलिस में भी इसकी शिकायत की जाएगी। जो भी इसका जिम्मेदार होगा वही इस नुकसान की भरपाई करेगा, जनता के पैसे का दुरुपयोग नहीं किया जायेगा। अब इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को सरकारी बंगले में शिफ्ट होने में समय लग सकता है।