पूर्व सीएम भूपेश बघेल के पिता नंद कुमार बघेल का निधन, वे 89 वर्ष के थे, अस्पताल में थे भर्ती। मुख्यमंत्री साय ने जताया शोक।

रायपुर : पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के 89 वर्षीय पिता नंद कुमार बघेल का आज 8 जनवरी 2024 दिन सोमवार को सुबह 6 बजे निधन हो गया। नंद कुमार बघेल पिछले 3 माह से राजधानी रायपुर के श्री बालाजी अस्पताल में भर्ती थे। श्री बालाजी हॉस्पिटल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. दीपक जायसवाल ने बताया कि नंद कुमार बघेल लंबे समय से अस्वस्थ थे, और कमजोर थे। उन्होंने आज आखिरी सांसें ली। चुनाव के पूर्व भूपेश बघेल अपने पिता से मिलने अस्पताल भी गये थे। उस समय उनका स्वास्थ्य ख़राब था। हॉस्पिटल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. दीपक जायसवाल ने बताया कि नंदकुमार बघेल लंबे समय से अस्वस्थ थे, और कमजोर थे।

पूर्व मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल ने एक्‍स हैंडल पर पोस्‍ट में यह जानकारी साझा की है। पूर्व सीएम बघेल ने लिखा, दु:ख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि बाबूजी श्री नंद कुमार बघेल जी का आज सुबह निधन हो गया है। अभी पार्थिव शरीर को पाटन सदन में रखा गया है। मेरी छोटी बहन के विदेश से लौटने के बाद अंतिम संस्कार 10 जनवरी को हमारे गृह ग्राम कुरुदडीह में होगा।

उनके पार्थिव शरीर को गृहग्राम पाटन के शांतिनगर में रखा जायेगा। फिलहाल भूपेश बघेल दिल्‍ली में हैं। दोपहर 1.20 बजे पूर्व मुख्‍यमंत्री बघेल दिल्ली से रायपुर वापस लौटेंगे।

मुख्यमंत्री साय ने नंदकुमार बघेल के निधन पर जताया शोक :

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंदकुमार बघेल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया हैl उन्होंने मृत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवारजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना ईश्वर से की है।

पिछले साल नवंबर माह में तबीयत खराब होने पर नंद कुमार बघेल को अस्‍पताल में भर्ती किया गया था। छत्‍तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के दौरान पूर्व सीएम बघेल ने पिता के अस्‍वस्‍थ होने की जानकारी एक्‍स हैंडल पर दी थी।