रायपुर : राजधानी में नशेड़ी रोज एक नई घटना को अंजाम दे रहे है, राजधानी में नशे का कारोबार चरम पर है, नशे में धुत्त होकर बदमाश किसी ना किसी घटना को लगातार अंजाम दे रहे है। सिविल लाइन क्षेत्र के गोविंदनगर में रविवार को दिनदहाड़े एक बदमाश ने जमकर उत्पात मचाया। चापर (मांस काटने वाला औजार) लहराते हुए बदमाश ने न केवल महिलाओं को धमकाया, बल्कि सामने आए एक सिविल इंजीनियर समेत तीन लोगों पर जानलेवा हमला करके उनको घायल भी कर दिया। इस घटना की सूचना किसी ने पुलिस को नहीं दी थी।
बदमाश की इस हरकत का वीडियो किसी ने मोबाईल से रिकार्ड कर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने मौदहापारा निवासी फिरोज खान उर्फ संजू को चापर के साथ दबोच लिया। चापर के हमले में घायल तीनों को लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहाँ उनकी हालत ज्यादा गंम्भीर नहीं है, वहीँ घाव गहरा होने की जानकारी मिली है। क्षेत्र के रहवासी इस घटना के बाद से दहशत में है। राजधानी में ऐसे काण्ड काफी ज्यादा होने के कारण राजधानी वासी डर के साय में जी रहे है।
बदमाश फिरोज ने नशे में राहगीरों पर किया हमला :
सिविल लाइन पुलिस के अनुसार मौदहापारा का आदतन बदमाश फिरोज खान उर्फ संजू रविवार शाम पांच बजे हाथ में चापर (लोहे का धारदार हथियार जिससे मांस काटा जाता है) लहराते हुए गोविंदनगर क्षेत्र में करीब 15 मिनट तक घूमता रहा। इस दौरान उसने आसपास मौजूद लोगों को चापर दिखाते हुए मारने की धमकी देकर डरा रहा था। इसी बीच बदमाश ने सिविल ठेकेदार और गोविंदनगर गुरुद्वारा के सचिव मनिंदर सिंह समेत तीन लोगों पर चापर से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक नशे की हालत में आरोपी संजू उर्फ फिरोज खान को गिरफ्तार किया गया है। बदमाश ने गोविंदनगर निवासी पेशे से सिविल कांट्रेक्टर मनिंदर सिंह रतराज समेत एक ड्राइवर और चौकीदार के सीने, सिर,पैर और हाथ पर हमला किया था। फिलहाल तीनों की हालत खतरे से बाहर है। बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
राजधानी में फैल रहा सूखे नशे का कारोबार :
राजधानी में शराब के साथ ही सूखा नशा टेबलेट और गांजा का धंधा तेजी से फैल रहा है, इसकी खपत बहुत ज्यादा बढ़ गई है, साथ में ड्रग्स का कारोबार भी लगातार राजधानी के हाई प्रोफाईल होटलों में हो रहा है। पुलिस की सख्ती के बावजूद सूखे नशे का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। सूखे नशे में चूर आदतन बदमाश फिरोज खान ने रविवार को जिस तरह से गोविंदनगर में सरेआम चापर लहराकर तीन लोगों पर जानलेवा हमला किया। उससे क्षेत्र के रहवासियों में भय का माहौल बना हुआ है। यही माहौल लगभग राजधानी के हर क्षेत्र में है, हर जगह बदमाशों , गुंडों और नशेड़ियों की बाढ़ सी आ गई है।