रायपुर : सट्टा एप में लगातार फंसे हुये आरोपियों से ED को पूछताछ में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है, बार-बार कोर्ट से आरोपियों की रिमांड मिलने के बाद भी हाथ में कुछ नहीं आ पा रहा है। अब महादेव सट्टा एप मामले में आरोपी बनाए गए 13 लोगों को ईडी की विशेष अदालत ने नोटिस जारी किया है। इसमें महादेव एप के प्रमोटर संचालक सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, विशाल आहूजा, धीरज आहूजा, पूनाराम वर्मा, शिवकुमार वर्मा, यशोदा वर्मा, पवन नत्थानी, रोहित गुलाटी, अनिल अग्रवाल, शुभम सोनी समेत दो अन्य आरोपी हैं। सभी आरोपियों को 24 फरवरी को कोर्ट ने उपस्थिति दर्ज कराने नोटिस जारी किया है। कोर्ट में उपस्थित नहीं होने पर सभी के नाम पर वारंट जारी किया जायेगा, जिसके बाद सीधा गिरफ़्तारी संभव है।
ईडी के आवेदन पर विशेष न्यायाधीश अजय सिंह राजपूत ने ऑनलाईन महादेव सट्टा एप प्रकरण की सुनवाई की। महादेव आनलाइन सट्टा एप में कुल 19 आरोपित बनाए गए हैं। इसमें से छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। रायपुर सेंट्रल जेल में एएसआई चंद्रभूषण वर्मा, सतीश चंद्राकर, अनिल और सुनील दम्मानी, आरक्षक भीम सिंह यादव और कार चालक असीम दास बंद हैं। असीम दास के पास नोटों जखीरा बरामद हुआ था।
ईडी के विशेष लोक अभियोजक सौरभ पांडेय ने बताया कि ईडी ने 6,000 करोड़ के महादेव ऑनलाईन मामले में एक जनवरी, 2024 को 1,800 पेज का पूरक चालान पेश किया जा चुका है। अब तक इसमें कोई खास बढ़त हासिल नहीं हुई है, अंतर्राष्ट्रीय कानूनों के तहत काफी मशक्कत करनी पड़ रही है, वहीँ शुभम सोनी को पकड़ना भी मुश्किल हो रहा है, लेकिन सभी आरोपी पकड़ में आ जायेंगे।