रायपुर : हाईप्रोफाईल बन चुके महादेव एप को लेकर रोज नये चौंकाने वाले खुलासे हो रहे है। महादेव सट्टा एप सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि भारत के साथ एशिया, खाड़ी देशों सहित दक्षिण आफ्रीका के देशों में संचालित किया जा रहा है। श्रीलंका में महादेव सट्टा एप का संचालन बर्खास्त पुलिसकर्मी अर्जुन यादव के माध्यम से किया जा रहा था। इसी के साथ ही सट्टा का संचालन खाड़ी के देशों सहित एशिया तथा दक्षिण आफ्रीका के कई देशों में संचालित होने की बात सामने आई है। देश के बाहर और किन- किन देशों में महादेव सट्टा एप का संचालन किया जा रहा रहा है, इसकी जांच केंद्रीय एजेंसी कर रही है। जांच एजेंसी के अफसरों के मुताबिक श्रीलंका में महादेव सट्टा एप संचालन होने की अब तक पुष्टि हुई है। वहीँ यह भारत के हर क्षेत्र में फ़ैल चुका है।
अफसरों के अनुसार, विदेश में बैठे लोगों को महादेव सट्टा एप संचालन करने अपना अकाउंट भारत में खुलवाना होगा, तभी वह सट्टा एप के पैनल ऑपरेटरों से संपर्क कर पायेगा। जानकारों के मुताबिक महादेव सट्टा एप के संचालक जिन देशों में सट्टा एप का संचालन कर रहे होंगे, उन देशों में भी अपना अकाउंट खुलवाए होंगे, तभी वहां से सट्टा संचालन कर सट्टे की रकम विदेशी अकाउंट में ट्रांसफर करा रहे होंगे। इंडियन अकाउंट में विदेशी अकाउंट से रकम ट्रांसफर कराने पर इस बात की जानकारी जांच एजेंसियों को बैंकों के माध्यम से मिल सकती है। इस वजह से सट्टा संचालक जिन देशों में सट्टा संचालन कर रहे होंगे, उन देशों में अपने या अपने करीबियों का अकाउंट खुलवाकर सट्टा संचालित कर रहे होंगे। हालाँकि ऑनलाईन ज़माने में कहीं ना कहीं से इनका कनेक्शन निकल जाता है और ये पकड़ में आ जाते है।
विदेशी रकम का हवाला के माध्यम से लेन-देन :
विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक जिन देशों में सट्टा का संचालन किया जा रहा है, उन देशों की मुद्रा इंडियन अकाउंट में ट्रांसफर करने पर ट्रेस हो सकते हैं। इससे बचने के लिए सट्टा संचालक सट्टा से प्राप्त विदेशी आय को हवाला के माध्यम से प्राप्त कर रहे हैं। हवाला ट्रांजेक्शन को रोकना जांच एजेंसियों के लिए एक बड़ी चुनौती है।
इन देशों में सट्टा संचालन :
सब्सक्राईब करें हमारा यूट्यूब चैनल : https://www.youtube.com/@MachisMediaNews/
जांच एजेंसियों को जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक महादेव सट्टा एप खाड़ी के ज्यादातर देशों में संचालित किया जा रहा है। इसके साथ ही एशिया में श्रीलंका के साथ नेपाल, भूटान, मालद्वीप, सिंगापुर में संचालित किया जा रहा है। महादेव सट्टा एप के संचालक एशिया, खाड़ी के देशों के साथ आफ्रीका के छोटे देशों में सट्टा संचालित कर रहे हैं। जिन देशों में सट्टा का संचालन किया जा रहा है, वहां महादेव के साथ अन्य नामों से सट्टा संचालक सट्टे का संचालन कर रहे हैं। महादेव एप के अंतर्गत ही कई अन्य नामों के सट्टे एप का संचालन लगातार हो रहा है।



