बंदरों ने उत्पात मचाते हुये 5 माह के मासूम को पालने से उठाकर पानी से भरे ड्रम में डाला, हालत गंभीर।

सरगुजा : जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रजपुरी कला में जंगली बंदरों ने जमकर उत्पात मचाया, उन्होंने लोगों को दहशत में डाल दिया। घटना के बारे में पता चला है कि बस्ती में घुसे हुये बंदर ने उत्पात मचाते हुये, एक व्यक्ति के घर घुसकर पालने में सो रहे 5 माह के मासूम बच्चे को उठाकर पानी से भरे ड्रम में डाल दिया। जिससे गंभीर हालत में बच्चे को पहले लखनपुर अस्पताल लाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहाँ बच्चे का ईलाज किये जाने की जानकारी मिली है।

सामने आई जानकारी के अनुसार, जंगली बंदर अचानक बस्ती में घुस आया था, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। बंदर के डर से लोग अपने-अपने घरों में छिप गये। इसी दौरान बंदर एक घर में घुस गया और पालने में सो रहे 5 माह के मासूम को उठाकर ले जाने लगा। वहीँ कुछ ही दूरी पर उसने बच्चे को पानी से भरे नीले ड्रम में डाल दिया, जिससे बच्चे के परिजन घबरा गये।

घटना के बाद परिजनों ने तत्काल बच्चे को ड्रम से बाहर निकाला और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घायल मासूम की पहचान त्रिशिका प्रजापति (उम्र लगभग 5 माह), पिता–सुदर्शन प्रजापति, निवासी ग्राम रजपुरी कला, लखनपुर के रूप में हुई है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगली बंदर को पकड़ने और बस्ती में सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है।