15 अगस्त तक ई-केवाईसी नहीं कराया तो नहीं मिलेगा सिलेंडर, सब्सिडी भी हो जायेगी बंद।

रायपुर : समय-समय पर केवायसी करवाना जरुरी है, जिससे फर्जीवाड़ा रोका जा सके और कालाबाजारी में कमी आये। इसी को लेकर केंद्र सरकार की तरफ से लगातार एलपीजी ग्राहकों से कहा जा रहा है कि वे अपने कनेक्शन का सत्यापन करवा लें। लेकिन बार-बार की मोहलत के बाद भी लोग ये काम नहीं करवा रहे हैं। इस वजह से अब तीनों पेट्रोलियम कंपनियां बीपीसीएल, आईओसीएल और एचपीसीएल ने साफ कर दिया है कि 15 अगस्त तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले लोगों के सिलेंडरों की बुकिंग ऑनलाइन नहीं होगी और सिलेंडर नहीं मिल पायेगा, जब तक के वाय सी नहीं होगी। बताया गया है कि वे जब तक एजेंसी के पास या ऑनलाइन सत्यापन नहीं कराएंगे सिलेंडरों की डिलीवरी नहीं की जायेगी। सत्यापन नहीं कराने वाले ग्राहकों के खाते में एलपीजी की सब्सिडी भी जमा नहीं होगी।

रायपुर जिले में तीनों कंपनियों के करीब 3 लाख ग्राहक हैं। इनमें 90%लोगों ने ई-केवाईसी करा ली है। लेकिन 28 हजार से ज्यादा लोग ऐसे हैं जिन्होंने अभी तक सत्यापन नहीं कराया है। ये कनेक्शन कंपनी वालों के संदेह के भी दायरे में है। अफसरों का मानना है कि इन कनेक्शनों में दूसरे जिले या राज्यों में जाने वाले, जिनके नाम से कनेक्शन हैं उनकी मौत या एक ही नाम से ज्यादा कनेक्शन लेने वाले लोग शामिल हैं। ऐसे वास्तविक ग्राहकों की संख्या का पता नहीं चल पाता और कालाबाजारी शुरू हो जाती है।

इसलिये अब अंतिम समय सीमा तय कर दी गई है। 15 अगस्त के बाद से ऐसे कनेक्शनों की फिजिकल वैरिफ़िकेशन के साथ सत्यापन किया जाएगा। जिसमें भी गड़बड़ी मिली उन कनेक्शनों को तुरंत रद्द कर दिया जायेगा। यही वजह है कि एजेंसी वाले भी लोगों से बार-बार कह रहे हैं कि वे हर हाल में अपना सत्यापन करवा लें।

बुकिंग बंद होती है तो घबराएं नहीं, ये काम करें :

सिलेंडरों की ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो रही या बंद हो गई है तो घबराने की जरूरत नहीं है। लोग सीधे अपने संबंधित कंपनी की एजेंसी में गैस और आधार कार्ड के साथ जाएं। एजेंसी वाले अपने सिस्टम से उनकी एक फोटो लेंगे और 2 मिनट में ई-केवाईसी कंप्लीट हो जाएगा। इसके बाद एजेंसी वाले गैस कार्ड में ई-केवाईसी कंप्लीट की सील भी लगा रहे हैं, ताकि भविष्य में कोई परेशानी न हो। जो लोग एजेंसी नहीं जाना चाहते वे कंपनियों के एप को डाउनलोड कर घर बैठे भी ई-केवाइसी करवा सकते हैं। ऑनलाइन सत्यापन के लिए आपके मोबाइल में आधार कार्ड फेस रिकग्निशन का होना जरूरी है। इस सिस्टम से आधार कार्डधारी के चेहरे की पहचान आसानी से हो जाती है।

अब बिना ओटीपी के कहीं भी डिलीवरी नहीं

कई बार बिना ओटीपी के भी सिलेंडर की कालाबाजारी हो जाती है, वहीँ अब बिना ओटीपी के कहीं भी सिलेंडरों की डिलीवरी नहीं की जा रही है। सिलेंडर लेकर जाने वाले कर्मचारी पहले मोबाइल नंबर पर आया ओटीपी मांगते हैं। इसके बाद ही सिलेंडर दिया जा रहा है। इतना ही नहीं अभी ई-केवाईसी के लिए लगातार लोगों को एसएमएस भी भेजे जा रहे हैं। लोग इसे गंभीरता से लें इसलिए सिलेंडर देने वाले कर्मचारी भी बार-बार ई-केवाईसी कराने की सलाह दे रहे हैं।

सत्यापन तुरंत करा लें :

एलपीजी उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी कराने के लिए 15 अगस्त तक का समय दिया गया है। सामान्य उपभोक्ता हो या उज्जवला कनेक्शन वाले सभी को सत्यापन कराना अनिवार्य है। तय समय तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले लोगों के कनेक्शन ब्लॉक हो जाएंगे। इसलिए जिन्होंने भी अभी तक सत्यापन नहीं कराया है, वे तुरंत करवा लें। -मुरारी गौर, प्रदेशाध्यक्ष बीपीसीएल एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर संघ