बारूद की फैक्ट्री में हुआ जोरदार धमाका, एक की मौत और 7 घायल, देखें घटना का भयानक विडियो।

बेमेतरा : गर्मी में आग लगने के हादसों की संख्या में बढ़ोतरी हो जाती है, ऐसे ही कई केस लगातार सामने आ रहे है, वहीँ इस समय गर्मी अपने चरम पर है। ऐसे ही बेमेतरा जिले में बोरसी के बारूद फैक्ट्री में आग लग गई। आगजनी से बड़ा धमाका हुआ जिसमें करीब 8 लोग घायल हो गए। हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई। घटना बेरला ब्लॉक के ग्राम पिरदा की है। 

मिली जानकारी के अनुसार, पिरदा स्थित बारूद फैक्ट्री में शनिवार की सुबह ब्लास्ट हो गया था। इस धमाके से फैक्ट्री के अंदर बड़ा गड्ढा हो गया। ब्लास्ट में कई लोग घायल हो गए हैं। धमाके का असर फैक्ट्री के कई किलोमीटर तक महसूस किया गया। यहां तक कि, फैक्ट्री के आसपास स्थित कई घर भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। आस पास के लोग इस घटना से सहम गये। उक्त घटना की सूचना मिलते ही बेरला-अविहारा पुलिस, एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची। घटना के बाद रायपुर से 1 और दुर्ग से 2 दमकल वाहन मौके के लिए रवाना हुये। वहीं रायपुर से एसडीआरएफ की 20 सदस्यीय रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंची।

8 लोगों को अंबेडकर अस्पताल लाया गया :

फैक्ट्री में राहत का काम शुरू हो गया है। घटनास्थल से हादसे में घायल 8 लोगों को अंबेडकर अस्पताल लाया गया जहां इलाज के दौरान एक की मौत हो गई है। मृतक श्रमिक का नाम सेवक राम साहू है। वहीं छह लोगों का इलाज मेकाहारा में जारी है इनमें दिलीप ध्रुव, चन्दन कुमार, मनोहर यादव, रवि कुमार कुरे, नीरज यादव और इन्द्र कुमार रघुवंशी शामिल हैं। वहीं एक श्रमिक शेषनाथ निषाद का अपचार एम्स में जारी है। वहीं घटनास्थल के पास ही एक और गोदाम में भी आग लग गई है। यहां भी बड़े पैमाने पर बारूद और विस्फोटक सामान रखा गया था।

लापरवाही के कारण हुआ बड़ा हादसा – सरपंच 

बोरसी गांव के सरपंच टिकेंद्र परगनिहा ने स्थिति की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि, बड़ी संख्या अभी भी लोग यहां मलबे के नीचे फंस गए हैं। सरपंच ने बताया कि, फैक्ट्री में हो रही लापरवाही की जानकारी पहले ही प्रशासन को दी जा चुकी थी। यह ब्लास्ट लापरवाही के कारण ही हुआ है। अभी भी यहां पर हादसे की आशंका बनी हुई है।

मानी जाती है छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी बारूद फैक्ट्री :

बोरसी के इस बारूद फैक्ट्री को छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी बारूद फैक्ट्री माना जाता है। बहुत ही लंबे समय से यह फैक्ट्री संचालित हो रही है। यह प्लॉट काफी लंबा है, लगभग 300-400 एकड़ में फैला है। इतने बड़े फैक्ट्री में ब्लास्ट से लोग दहशत में हैं। हादसे के बाद कई लोग मलबे के नीचे दबे हुए हैं। वहीं प्रशासन की टीम और एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू कर रही है। वहीँ इस घटना के बाद डिप्टीसीएम विजय शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।