अंडा खाने से बिगड़ी तबियत और फिर हो गई मौत, सामने आई ये हैरान करने वाली खबर….।

कोरबा : जिले में डिज्नीलैंड मेला लगा हुआ है, यहाँ यूपी से आए 12 साल के बच्चे समेत तीन लोगों की संदिग्ध मौत हो गई है। दरअसल, तीनों यहां पर व्यापार करने आए थे। इन्होंने डिज्नीलैंड मेले में अपना स्टॉल लगाया था। देर रात खाना खाने के बाद तीनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई और सुबह अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र का है। घटना के मामले में मिली जानकारी के अनुसार, सोहेल खान (12), समीर खान (21) और अनिल कुमार पांडेय (28) डिज्नीलैंड मेले में कारोबार करने आए थे। उनका सहकर्मी रियाज खान ने बताया कि, देर रात मेला खत्म होने के बाद वे अपने-अपने कमरे में आ गए और फिर उन्होंने अंडा और चिकन बनाकर खाया। इसके बाद अचानक उनके पेट में दर्द होने लगा और उल्टी-दस्त शुरू हो गये। फिर तीनों को फौरन अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले में आशंका जताई जा रही है कि, इनकी मौत फूड पॉइजनिंग के कारण हुई होगी। फिलहाल तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा। वहीं उनके परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई है। इस घटना के बाद से मेले के अन्य व्यापारी भी सहमे हुये है।