ज्‍वेलरी बेचने पहुंची महिला तो व्‍यापारी ने किया मना, फिर लडके बुलवाकर कर दी पिटाई।

रायपुर : रजधानी में व्यापारियों के साथ मारपीट एक आम बात हो गई है, आये दिन कोई ना व्यापारी बदमाशों के हाथों मारपीट का शिकार हो रहा है। वहीँ पंडरी क्षेत्र के एक सराफा व्यापारी के साथ रविवार को मारपीट हो गई है। बताया जा रहा है कि एक महिला रविवार को दुकानदार के पास पहुंची। उसने कहा कि उसे लगभग पांच साल पुरानी ज्वेलरी बेचनी है। जब दुकानदार ने रसीद लाने को कहा तो महिला नाराज हो गई। फिर उसने अपने बेटा-बेटी के साथ मिलकर व्यापारी की पिटाई कर दी। मारपीट की यह घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वहीँ कई बार लोग चोरी की ज्वेलरी बेचने आ जाते है, जिससे खरीददार भी पुलिस के हत्थे चढ़ जाता है।

उपरोक्त व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्जकर महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पंडरी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पंडरी स्थित कुटुंब ज्वेलर्स के संचालक अजय सोनी रविवार दोपहर के वक्त दुकान में बैठे थे। इस दौरान दुलारिन बाई नाम की महिला आई। उसने अपने पास रखी ज्वेलरी को बेचने की बात की। कारोबारी ने पहले तो उसे खरीदने से मना किया। इस पर महिला ने कहा कि ये ज्वेलरी इसी दुकान की है तो कारोबारी ने रसीद मांगी। इस बात पर वह नाराज होकर से चली गई। इसके कुछ देर बाद वह अपने बेटे चंद्र कुमार यादव, नंदकुमार यादव और बेटी कुंती यादव के साथ दुकान पर पहुंची। वे सभी मिलकर कारोबारी अजय सोनी के साथ बहस करने लगे। बहसबाजी बढ़ी तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी।

खींचकर बाहर निकाला, फिर सड़क पर पीटा :

घटना के दौरान अजय सोनी दुकान में अकेले थे। आरोपियों ने पहले उसके साथ दुकान में मारपीट की, फिर उसे खींचते हुए दुकान के बाहर तक ले आए। उन्होंने सड़क पर भी कारोबारी के साथ मारपीट की। मारपीट में व्यापारी के सिर, चेहरे और शरीर के कई हिस्सों में चोट आई है। अजय सोनी की शिकायत पर पंडरी पुलिस ने दुलारिन बाई, चंद्र कुमार यादव, नंदकुमार यादव और बेटी कुंती यादव को गिरफ्तार कर लिया है। कारोबारी को काफी चोटें आई है।