रायपुर : छत्तीसगढ़ में इन दिनों गर्मी कहर बरपा रही है। सोमवार को भी राजधानी में भीषण गर्मी ने लोगों को बेचैन किया। नौतपा के तीसरे दिन अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक है। शाम को भी गर्म हवाएं चलती रहीं। इसके कारण न्यूनतम तापमान भी 29.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से डेढ़ डिग्री ज्यादा है।
नवतपा के चौथे दिन तेज धूप से राजधानी रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में लोग गर्मी से बेहाल है। वहीं इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी से राहत मिलती दिख नहीं रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 18 जिलों में लू को लेकर दो दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने इन 18 जिलों में सुबह 11.30 बजे से लेकर शात 5.30 बजे लू चलने की संभावना जताई है। इस दौरान रायपुर में तापमान 44 डिग्री रहने की संभावना है। ऐसे में जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकले।
मौसम विभाग ने रायपुर शहर के पूर्वानुमान के बारे में बताया है कि अगले 24 घंटों में आकाश मुख्यतः साफ रहेगा। राजधानी में अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के तीनों संभागों रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर के जिलों में कई स्थानों पर ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति बनने की चेतावनी दी है। 28 से 31 मई तक प्रदेश का मौसम शुष्क रहने की भी संभावना जताई गई है।
इन जिलों में येलो अलर्ट जारी :
बालोद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, बिलासपुर, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद, जीपीएम, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, केसीजी, कोरबा, महासमुंद, मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी, मुंगेली, रायगढ़, रायपुर, राजनांदगांव, सक्ती, सारंगढ़ बिलाईगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर अगले 2 दिनों तक लू चलने की संभावना है।
पिछले चौबीस घंटे में दिन के तापमान में किसी तरह का बदलाव नहीं हुआ है, मगर रात का पारा भी दिन की तरह सामान्य से डेढ़ डिग्री अधिक हो चुका है। प्रदेश में अभी शुष्क हवा का प्रवेश होना जारी है, जिसकी वजह से अभी गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। नवतपा के दूसरे दिन से राज्य में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू किया है।मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में रायपुर के साथ बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कई हिस्सों में मंगलवार को भी लू चलने की संभावना जताई है। चक्रवाती तूफान के प्रभाव से छाए बादल के आज छंटने की उम्मीद है। इससे रायपुर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री अथवा उसके पार होने की संभावना है।