बिलासपुर : शहर में जन्माष्टमी की रात पुलिसकर्मियों पर नशे में धुत्त युवकों ने हमला कर दिया। यह घटना रतनपुर थाना क्षेत्र में हुई है, जहां डीजे बंद करवाने पहुंची पुलिस टीम पर नशेड़ी युवकों ने हमला कर दिया और पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान पुलिसकर्मियों की गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई। इस मामले में सामने आया है कि रतनपुर के गांधीनगर में देर रात डीजे बजा रहे युवकों को समझाईश देने पहुंची पुलिस की टीम पर युवकों ने हमला कर दिया। हमले में दो जवानों को चोट आई है। वहीं, युवकों की भीड़ ने पुलिस की गाड़ी पर भी पथराव भी किया, गाड़ी में तोड़फोड़ भी की गई। इसकी सूचना पर कोटा एसडीओपी, रतनपुर थाना प्रभारी समेत पुलिस के जवान मौके पर पहुंच गए। पुलिस की टीम ने रातभर छापेमारी कर 10 युवकों को हिरासत में ले लिया है। अन्य युवकों की तलाश की जा रही है।
सामने आई जानकारी जिसमें खबर मिली कि जन्माष्टमी पर्व पर गांधी नगर के युवक देर रात डीजे बजाकर नाच गा रहे थे। इनके बीच कई युवक नशे में भी थे। देर रात पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर डीजे बंद कराने लगी। इस पर आयोजन समिति के लोगों ने दूसरी जगहों पर डीजे बजने की बात कहते हुए पुलिसकर्मियों से हुज्जतबाजी की। साथ ही बेवजह परेशान और रोकटोक का आरोप भी लगाया। पुलिसकर्मियों और समिति के सदस्यों के बीच विवाद बढ़ता गया, जो बाद में हिंसक हो गया। पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौच भी की गई और पुलिसकर्मियों द्वारा वीडियो बनाने पर उनके मोबाइल छीनने की कोशिश की गई।
पुलिसकर्मियों ने आयोजन समिति के सदस्यों को समझाईश देकर शांत कराने की कोशिश की। लेकिन इसी दौरान आयोजन समिति से जुड़े कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों से बहस करते हुए झूमाझटकी शुरू कर दी। साथ ही पुलिसकर्मियों की पिटाई कर दी। साथ ही पुलिस की गाड़ी में पथराव कर दिया। इधर घटना की जानकारी लगते ही बाइक पेट्रोलिंग पर निकले जवान भी वहां पहुंच गए। साथी जवानों के आने पर हमलावर युवक भाग निकले।
राम से बड़ा है राम का नाम , रोज सुने यह धुन , लिंक पर करें क्लिक : https://www.youtube.com/watch?v=TIkGGHYTb_Y
रात में ही पुलिस की टीम ने आदित्य सोनी, कैलाश शर्मा और शुभम ठाकुर को पकड़ लिया। बताया जाता है कि शुभम सोनी ने ही युवकों को भड़काकर पुलिस पर हमले के लिए उकसाया। तीनों युवकों से पूछताछ कर पुलिस की टीम रात भर छापेमारी करती रही। सुबह तक जवानों ने 10 युवकों को पकड़ लिया है। उनसे पूछताछ कर अन्य हमलावर युवकों की तलाश की जा रही है। पुलिस अन्य आरोपियों की शिनाख्त कर उन्हें पकड़ने के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है।



