मौसम में बदलाव को लेकर IMD ने जारी की खास जानकारी, बताया मौसम का ये हाल….।

रायपुर : अभी तक ठंड ने अपनी दस्तक नहीं दी है, जो कि अभी तक शुरू हो जानी थी, वहीँ मौसम का तंत्र अस्थिर होने के कारण गर्मी के हल्के तेवर अब भी जारी है। दो मौसमी तंत्र सक्रिय होने के कारण छत्तीसगढ़ में बड़ी मात्रा में नमी का आगमन हो रहा है, जिससे मंगलवार को राज्य के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। वर्षा मुख्य रूप से दक्षिण छत्तीसगढ़ में केंद्रित रहने की संभावना है।

हालांकि, नमी रायपुर संभाग तक पहुंच रही है, जिससे वहां बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। राज्य में सबसे अधिक तापमान 34.0 डिग्री लखनपुर में और सबसे कम तापमान 18.9 डिग्री बलरामपुर में दर्ज किया गया है।  पिछले एक सप्ताह में प्रदेश के औसत तापमान में 3 से 4 डिग्री की कमी आई है। आने वाले दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री की और गिरावट हो सकती है। मौसम साफ होने के बाद तापमान में तेजी से गिरावट होने की संभावना है।

माँ काली का धूम मचाने वाला बेहतरीन गीत : https://www.youtube.com/watch?v=ts6cT1FTauM

पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तर अंडमान सागर के ऊपर एक निम्न दाब क्षेत्र बना हुआ है। इसके पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और 22 अक्टूबर की सुबह तक अवदाब में बदलने की संभावना है। इसके बाद 23 अक्टूबर को यह चक्रवात का रूप लेकर पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय हो सकता है, जिससे मौसम में बदलाव की उम्मीद की जा रही है। फिर यह उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए 24 अक्टूबर की सुबह ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट के पास, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक पहुंच सकता है। इसके अलावा, पश्चिम-मध्य अरब सागर के ऊपर भी एक निम्न दाब क्षेत्र बना हुआ है।