रायपुर : राजधानी के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक महिला किरायेदार द्वारा मकान में तोड़फोड़ करने और धार्मिक प्रतीक को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में महिला एक शिवलिंग को कथित तौर पर क्षतिग्रस्त करते और आंगन में खड़ी स्कूटी को गिराते हुए दिखाई दे रही है। इस घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी महिला पूजा बुन्देला के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
थाने में प्रदर्शन के बाद दर्ज हुई प्राथमिकी :
मकान मालकिन गौरी बंजारे ने इस घटना की लिखित शिकायत राजेंद्र नगर थाने में दर्ज कराई थी। आरोप है कि शुरुआती शिकायत पर पुलिस ने त्वरित संज्ञान नहीं लिया, जिसके विरोध में देर रात बजरंग दल के कार्यकर्ता थाने पहुंचे और कार्यवाही की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। मामले की संवेदनशीलता और बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
विवाद के कारणों की जांच जारी :
घटना का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया था। पुलिस के अनुसार, किरायेदार और मकान मालिक के बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। जांच अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो समेत उपलब्ध सभी साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।



