भोपाल (म.प्र.) : सिर्फ जुआ ही नहीं उसके कई रूप भी है, जैसे सट्टा – मटका और बदलते दौर में ऑनलाइन गेम, ये भी खेलना जोखिम भरा है। जीत-हार के खेल में आप बुरी तरह फंसते चले जाते हैं आखिर में बर्बाद हो जाते हैं, जीतने की ललक में हारते जाते है। भोपाल में ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ऑनलाइन गेमिंग में BAAMS छात्र लाखों रुपए हार गया। कॉलेज की फीस के लिए मिली रकम भी गंवा दी, लगातार बर्बाद होते रहने के बावजूद छात्र नुकसान में धंसता चला गया, और फिर पैसे हारने के बाद छात्र ने बैंक लूटने की साजिश रची। शुक्रवार (3 जनवरी) को छात्र हेलमेट और मास्क पहनकर धनलक्ष्मी बैंक में घुसा और अचानक बैंककर्मियों पर मिर्च का स्प्रे कर दिया। आंखों में जलन होने के बावजूद बैंककर्मियों ने युवक को पकड़ने की कोशिश की तो लुटेरा भाग निकला। पुलिस ने कुछ घंटों में उसे धर दबोचा। यह घटना पिपलानी थाना क्षेत्र की है।
जानिए पूरा घटनाक्रम :
इस घटना में मिली जानकारी के मुताबिक, उज्जैन का रहने वाला संजय कुमार (24) बीएएमएस थर्ड ईयर का छात्र है। युवक काफी समय से ऑनलाइन गेम खेल रहा है। उसे लत लग चुकी थी और संजय ऑनलाइन गेमिंग ऐप में 2 लाख से ज्यादा रुपए हार चुका था। दोस्तों से उधार लिए पैसे और घर से मिली कॉलेज फीस की रकम भी गंवा दी। लाखों रुपए हारने के बाद परेशान होकर युवक ने बैंक लूटने की साजिश रची। फिर एक दिन वो बैंक लूटने पहुँच गया।
खाता खुलवाने के नाम पर पहुंचा बैंक :
उक्त युवक शुक्रवार को पिपलानी थाना क्षेत्र के धनलक्ष्मी बैंक में पहुंचा और युवक ने बैंककर्मी से खाता खुलवाने की बात कही। युवक के मुंह पर मास्क लगा हुआ था। बैंककर्मी के पूछने पर युवक ने कहा कि उसका नाम संजय कुमार है। वह उज्जैन का रहने वाला है। खाता खोलने के लिए रेंट एग्रीमेंट की कॉपी भी बैंककर्मी को दी। कॉपी देखने के बाद बैंक कर्मचारियों ने कहा कि खाता नहीं खुल पायेगा। इसके बाद युवक लौट गया, जिसके बाद फिर युवक शाम को चार बजे दोबारा बैंक पहुंचा। उसने बैंककर्मियों पर पेपर स्प्रे करते हुए कैश काउंटर की ओर बढ़ा। इसी दौरान बैंककर्मी उसे पकड़ने के लिए अपनी सीटों से उठे तो वह गेट से बाहर निकलकर भाग गया। बैंक के सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई है। इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए तीन टीमें बनाईं।
बाइक और मिर्च स्प्रे किया जब्त :
राम से बड़ा है राम का नाम , रोज सुने यह धुन , लिंक पर करें क्लिक : https://www.youtube.com/watch?v=TIkGGHYTb_Y
पुलिस ने साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना की मदद से दो घंटे में युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी संजय कुमार पिता रामचन्द्र मालवीय (24 साल) उज्जैन का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बाइक और मिर्च स्प्रे जब्त किया है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि बाइक भी चोरी की है। इस तरह से युवक ने एक गंभीर अपराध को अंजाम दिया है। ऐसे ही कई युवा ऑनलाईन खेलों की गिरफ्त में फंस चुके है, कई तो डर के मारे आत्महत्या तक भी कर लेते है।



