अंबिकापुर : सरगुजा पुलिस ने अपहरण के आरोप पर मध्य प्रदेश के दमोह व सागर के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सरगुजा के दो युवकों का अपहरण कर लिया था। अपहृत युवकों के माध्यम से तीन युवतियों से विवाह के लिए घरवालों ने रुपये लिए हुये थे। अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से युवतियों के भाग जाने के बाद आरोपियों ने शादी तय कराने वाले दोनों युवकों का अपहरण कर लिया था। इनकी मंशा दी गई रकम की वसूली करना था। पुलिस ने अपहृत युवकों को बरामद कर अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। मामला है शहर के बुधवारी बाजार क्षेत्र से दरिमा थाना क्षेत्र के 2 युवकों के अपहरण का, यह मामला 3 लड़कियों की खरीद-फरोख्त से जुड़ा हुआ निकला है। दरअसल अपहृत दोनों युवकों ने मध्यप्रदेश के 3 युवकों को यह कहकर बुलाया था कि उन्हें यहां शादी करने के लिए 3 लड़कियां मिल जायेंगी। मध्यप्रदेश के तीनों लडक़ों ने यहां आकर लड़कियों का सौदा किया और बदले में 1 लाख 44 हजार रुपए दोनों युवकों व लड़कियों के परिजनों को दे दिए।
मामले में 19 जनवरी की रात अपहृत युवक तीनों लड़कियों को लेकर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। यहां एमपी के तीनों लड़के भी थे। इसी बीच तीनों युवतियां स्टेशन से भाग निकलीं। इसके बाद तीनों आरोपी उन दोनों युवकों से उनके द्वारा दिए गए रुपयों की मांग करते हुए जबरन ट्रेन में बैठाकर मध्यप्रदेश पहुंचे और उन्हें एक आरोपी के घर में बंधक बनाकर रखा गया था। इधर अपहृत युवकों के परिजनों की रिपोर्ट पर गांधीनगर पुलिस ने 6 आरोपियों को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है।
दरिमा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बड़ा दमाली निवासी इंदर साय मरावी ने 20 जनवरी को गांधीनगर थाने में अपने बेटे के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उसने बताया था कि उसका बेटा दिनेश मरावी 19 जनवरी की शाम करीब 6-7बजे अंबिकापुर जाने की बात कहकर घर से अकेले निकला था, जिसके बाद वह नहीं लौटा है। रात को लगभग 12 बजे दिनेश ने अपने मोबाईल से बहू को फोन कर कहा कि वह अपने दोस्त काबिल अंसारी के साथ रात करीब 9 बजे अजिरमा स्थित बुधवारी बाजार के पास था। इसी बीच अज्ञात लोग आए और हम दोनों का अपहरण कर ट्रेन में बैठाकर कहीं ले जा रहे हैं।
वे कह रहे हैं कि अपने घर से पैसे की मांग करो, वरना दोनों को जान से मारकर फेंक देंगे। इसकी जानकारी बहू से मिलने पर उसने 2 मोबाईल नंबर पर 15 हजार व 20 हजार रुपए डाल दिए। इसके बाद दिनेश का मोबाईल बंद बता रहा है। वहीं दिनेश के दोस्त काबिल अंसारी के मोबाईइल से फोन कर और फिरौती की मांग की जा रही है। रिपोर्ट पर पुलिस अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 140(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना कर रही थी। शिकायत पर पुलिस ने जिस फोन पे नंबर पर पैसा मंगवाया गया था और जिन नंबरों से फोन किया जा रहा था उसे जांच के दायरे में रखा गया है।
मध्यप्रदेश से पकड़े गए 6 अपहरणकर्ता :
महामृत्युंजय मन्त्र उत्पत्ति की कथा और महत्व के साथ : https://www.youtube.com/watch?v=L0RW9wbV1fA
2 युवकों के अपहरण के मामले में एसपी योगेश पटेल ने टीम गठन कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। अपहृत दिनेश मरावी व काबिल अंसारी के मोबाईल लोकेशन के आधार पर पुलिस मध्यप्रदेश के सागर जिले के ग्राम टड़ा सांईपुर सानोदा पहुंची। यहां मुकेश दुबे के घर से पुलिस ने दोनों युवकों को बरामद किया गया। वहीं पुलिस ने अपहरण करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर अंबिकापुर पहुंची। पुलिस ने आरोपियों को बुधवार को जेल भेज दिया है। कार्यवाही में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक विपिन तिवारी, सहायक उप निरीक्षक वीरेंद्र कुजूर, आरक्षक अरविन्द उपाध्याय, देवेंद्र पाठक, बृजेश राय, संजीव चौबे, राहुल सिंह, सुरेश व रमेश राजवाड़े सक्रिय रहे। बड़ी मुस्तैदी से पुलिस की इस टीम ने आरोपियों को पकड़ा।
शादी करने के लिए लेने आए थे लड़कियां :
इस मामले का खुलासा करते हुए एएसपी अमोलक सिंह ढिल्लो ने बताया कि आरोपियों में से सोनू राय, रामनरेश तिवारी व राहुल जैन की शादी नहीं हुई थी। शादी के लिए वे लडक़ी ढूंढ रहे थे। इस दौरान परिचित के माध्यम से आरोपी शाहिद खान को अपहृत युवक काबिल अंसारी का फोन नंबर मिला था। बातचीत के दौरान काबिल ने कहा था कि छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में उन्हें लड़कियां मिल जायेंगी। इसके बाद तीनों आरोपी अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां पहले से मौजूद काबिल और उसका साथी तीनों को लेकर दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ा दमाली पहुंचे। बड़ा दमाली में वे दूसरा अपहृत दिनेश मरावी के घर में 3 लड़कियों से मिले। लड़कियां पसंद आने पर सागर मध्यप्रदेश जाकर लड़कियों से शादी करने की बात तय हुई। जिसके बाद पैसे का लेनदेन हुआ।
1 लाख 44 हजार रुपए में तय हुआ सौदा :
खास ख़बरों के लिये सब्सक्राईब करें हमारा यूट्यूब चैनल : https://www.youtube.com/@MachisMediaNews/
लड़कियां पसंद आने के बाद काबिल और दिनेश ने तीनों लड़कियों के घरवालों को रुपए देने कहा। इस पर आरोपियों ने 1 लाख 32 हजार रुपए फोन पे पर ट्रांसफर किया, जबकि 12 हजार रुपए नकद दिए। इसके बाद 19 जनवरी की रात करीब 8.30 बजे दिनेश व काबिल तीनों लड़कियों व तीनों आरोपियों के साथ रेलवे स्टेशन अंबिकापुर पहुंचे। यहां आरोपी शाहिद और काबिल ट्रेन की टिकट खरीद रहे थे। इसी बीच आरोपी राहुल जैन ने उन्हे बताया कि तीनों लड़कियां भाग निकली हैं। इसके बाद आरोपियों ने काबिल और दिनेश को पकड़ लिया और रुपए वापस करने की धमकी देने लगे।
जब काबिल व दिनेश ने रुपए देने से इंकार किया तो उनके साथ मारपीट की, और उन्हें अपहृत कर अपने साथ ले गये। जिसके बाद आरोपियों द्वारा काबिल व दिनेश को ट्रेन में बैठाकर मध्यप्रदेश के सागर पहुंचे। यहां उन्होंने दोनों को आरोपी मुकेश दुबे के मकान में बंद कर दिया और रुपए नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। धमकी देकर आरोपियों ने दिनेश और काबिल को उनके मोबाइल से परिजनों से बात कराई और 75 हजार रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए थे। उसके बाद भी उन्होंने उन्हें नहीं छोड़ा।



