छ.ग. में भाजपा की अप्रत्याशित जीत 10 नगर निगम, 35 नगर पालिका और 114 नगर पंचायत में भाजपा को मिली बड़ी बढ़त।

रायपुर : राज्य में निकाय चुनावों के परिणामों के बाद अब गहमागहमी थम गई है और सभी जीते हुये प्रत्याशी अपनी आभार रैली निकालने में जुटे हुये है। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के बाद अब नगरीय निकाय में भाजपा ने एकतरफा जीत दर्ज की है, जो कि बहुत ही चौंकाने वाली है, इसमें महिला मतदाताओं का महत्वपूर्ण योगदान माना जा रहा है, नारी सम्मान को लेकर शुरू की गई योजनाओं ने महिलाओं को भाजपा से बड़े स्तर पर जोड़ा है।

प्रदेश के 10 नगर निगमों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत हुई है। सभी निगमों में शुरूआती रूझानों से ही भाजपा बढ़त बनाए हुए आगे बढ़ी। वहीं अंतिम राउंड की गिनती तक यह बढ़त बनी रही। आखिरकार भाजपा ने शहरी सरकार में वापसी कर ली। नगर निगम के अलावा, नगर पालिका और नगर पंचायत के परिणाम भी भाजपा के पक्ष में रहा। वहीँ चुनाव परिणामों में पूर्व महापौर एजाज़ ढेबर की हार ने सबका ध्यान अपनी तरफ खिंचा।

नगर पालिका और पंचायत अध्यक्ष के परिणाम :

खास ख़बरों के लिये सब्सक्राईब करें हमारा यूट्यूब चैनल :  https://www.youtube.com/@MachisMediaNews/

प्रदेश के कुल 49 नगर पालिका में से भाजपा 35, कांग्रेस 8, आप 1 और अन्य 5 में जीत हासिल की है। कांग्रेस को जिन 8 नगर पालिकाओं में जीत मिली है, इनमें तखतपुर, मुंगेली, खरियार रोड, महासमुंद, बागबहरा, सूरजपुर, मंदिर हसौद, अभनपुर शामिल है। आम आदमी पार्टी को बिलासपुर जिले के बोंदारी नगर पालिक में जीत मिली है। वहीं अन्य को अहिवारा, सक्ति, पेंड्रा, अकलतरा, और सिमगा में जीत मिली है। नगर पंचायत के 114 अध्यक्ष पदों में से बीजेपी 81, कांग्रेस 22, बसपा 1 और अन्य 10 पर जीत मिली है।

राजधानी में महापौर की बड़ी बढ़त :

रायपुर नगर निगम के 70 वार्डों के चुनाव परिणाम सामने आ गए हैं। भाजपा 15 साल बाद शानदार वापसी करते हुए एकतरफा जीत हासिल की है। भाजपा की महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे ने रिकॉर्ड जीत अपने नाम की है। उन्होंने कांग्रेस की दीप्ती दुबे को 1 लाख 53 हजार 290 वोटों के अंतर से हराया है। ऐतिहासिक जीत से भाजपा में जबरदस्त खुशी है। शहर के 70 वार्डों में बीजेपी के 60 पार्षद प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। जबकि कांग्रेस के 7 और 3 निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत का स्वाद चखा है।