राजधानी में जन अधिकार रैलीः मंत्रियों से लेकर कुमारी शैलजा ने राज्यपाल और BJP पर साधा निशाना, जानें किसने क्या कहा?

रायपुर। आरक्षण के मुद्दे और नए आरक्षण विधेयक पर राज्यपाल द्वारा हस्ताक्षर नहीं करने को लेकर कांग्रेस ने आज जन अधिकार महारैली निकाली है। इससे पहले साइंस कॉलेज मैदान में कार्यक्रम आयोजित कर कांग्रेस नेताओं और मंत्रियों ने राज्यपाल और भाजपा पर जमकर निशाना साधा है।

साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित जन अधिकार महारैली में कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित अन्य मंत्रीगण और कांग्रेसजन उपस्थित हैं।

प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम
प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि, आज की सभा ऐतिहासिक सभा है, जो छत्तीसगढ़ की जनता के हक़ और अधिकार को दिलाने के लिए बुलाई गयी है। हमारे पुरखों ने वंचित लोगों को अधिकार देने के लिए संविधान में आरक्षण की व्यवस्था की है। हमारे मुखिया भूपेश बघेल ने आदिवासियों को 32%, अनुसूचित जाति को 13%, पिछड़ों को 27% और आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को 4% आरक्षण का प्रस्ताव रखते हुए विधेयक पास कराया है। यह ऐतिहासिक है.

राज्यपाल महोदया ने कहा था कि आप विधानसभा में विधेयक लाइए, मैं हस्ताक्षर करूँगी। लेकिन अब भाजपा के दवाब में हस्ताक्षर ने करके प्रदेश की जनता के साथ अन्याय कर रही हैं। ये भाजपा के लोग आरक्षण भी खत्म करना चाहते हैं और संविधान भी। हम सबको गांव गांव जाकर इनका सच बताना है।