बालोद : सभ्य समाज में लोगों के हाथ एक खतरनाक हथियार आ गया है, जिसको सोशल मीडिया कहते है, कोई भी व्यक्ति गुस्से में अगर अपने ऊपर नियंत्रण नहीं रख पाता है तो ऐसे में जीवन भर के लिये सभ्य समाज में शर्मिंदा होता रहता है, वहीँ सोशल मीडिया में गंदगी भी इतनी बढ़ गई है, की शर्मिंदगी भी शर्मा जाये। आये दिन सोशल मीडिया में चौंकाने वाले काण्ड आते रहते है, जहाँ परिवार और खासकर महिलाओं को शर्मसार होना पड़ता है। मामला है कि छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से गर्भवती महिला से सम्बंधित एक शर्मनाक घटना सामने आई है। जिसमे आरोपी पति ने अपनी पत्नी का अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में लगातार वायरल कर दिया है। वह दहेज़ के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित भी करता था। यह मामला दल्लीराजहरा थाना का है। जिसमे पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
अक्टूबर 2024 में बनाया था अश्लील वीडियो :
इस मामले में मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता महिला गरियाबंद की रहने वाली है। उसका ससुराल दल्लीराजहरा नगर में स्थित है। बताया जा रहा है कि, पीड़िता 9 महीने की गर्भवती भी है। जब पत्नी अपने मायके गई तो पति नाराज हो गया और काफी आक्रोशित हो गया। उसने अक्टूबर 2024 में पत्नी का एक अश्लील वीडियो भी बनाया था। जिसे उसने गुस्से में आकर वायरल कर दिया है। जब इस मामले की जानकारी पीड़ित पत्नी को मिली तब पीड़िता की मां ने दल्लीराजहरा थाना में शिकायत की। इस अपराध पर अब जांच चल रही है। पुलिस ने कहा कि, आरोपी पति को तत्काल गिरफ्तार किया जायेगा। वहीँ यह मामला सामने आने के बाद पीड़ित महिला और उसके ससुराली मानसिक तौर पर परेशान हो गये है।