रायपुर : मौसम में अस्थिरता जारी है, जिसको लेकर प्रदेश में अगले पांच दिनों तक अंधड़ व बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जहां बारिश होगी, वहां भीषण गर्मी से राहत रहेगी। रायपुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। यानी यहां लू के थपेड़े परेशान कर सकते हैं। हालांकि ओवरऑल प्रदेश में अधिकतम तापमान में ज्यादा बढ़ोत्तरी नहीं होगी। अगले 24 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अंधड़ भी चल सकती है। इसके अलावा बादलों की तेज गर्जना भी होगी। इससे बिजली भी गिरने की आशंका है, तापमान में कमी हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण प्रदेश का मौसम अचानक बदले हुए दो दिन हो गए हैं। शुक्रवार से मंगलवार तक बादलों की गर्जना के साथ तेज हवा चलेगी और हल्की बारिश होगी। पिछले 24 घंटे में कुटरू में 20 मिमी, छुईखदान, गंडई, खैरागढ़ में 10-10 मिमी बारिश हुई।
माना, जगदलपुर व अंबिकापुर में हल्की वर्षा हुई है तो वहीं पेंड्रारोड, जगदलपुर में बौछारें पड़ीं है। बीती रात रायपुर के विभिन्न क्षेत्रों में भी हल्की बारिश हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र लालपुर में पानी नहीं गिरा इसलिए बारिश रिकार्ड नहीं की जा सकी है। साथ ही बेमौसम होने वाली बारिश सब्जी व धान की फसल के लिए नुकसानदायक हो सकता है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार अंधड़ से धान की खड़ी फसल गिर सकती है। वहीं बादल-बारिश से सब्जियों में कीड़े लगेंगे। इधर गुरुवार को राजनांदगांव प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म रहा है। वहां पारा 42 डिग्री पर पहुंच गया है। हालांकि बीती रात वहां 1.6 मिमी बारिश हुई थी। रायपुर में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से डेढ़ डिग्री ज्यादा था। न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहा, जो चार दिनों पहले 26 डिग्री पर पहुंच गया था। दरअसल बीती रात ठंडी तेज हवाएं चल रही थीं।
कहीं-कहीं बारिश भी हुई। इसलिए रात में पारा लुढ़क गया है और मौसम भी सुहाना हो गया था। सुबह को 12 बजे से तापमान में बढ़ोत्तरी होने की सम्भावना है। वहीँ प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर दोपहर का तापमान सामान्य से केवल डेढ़ डिग्री तक ज्यादा रहा। इसका मतलब है कि प्रदेश में कहीं भी लू की स्थिति नहीं है। हालांकि तापमान की तुलना में गर्मी का ज्यादा अहसास लोगों को हो रहा है। दोपहर में घर से निकलना मुश्किल हो रहा है। अगले पांच दिनों तक राहत तो रहेगी, लेकिन ज्यादा दिन तक नहीं रहेगी। वहीं मौसम विभाग ने बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और सुकमा जिले के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है। इन जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है। देर शाम तक राजधानी के मौसम में भी परिवर्तन हो सकता है।



