बिजनौर (उ.प्र.) : निकाह में कभी कुछ ऐसा भी खड़ा हो जाता है कि महीनों की तैयारी पर पानी फिर जाता है, एक छोटा सा विवाद रिश्ते ही खत्म कर देता है। ऐसे ही बिजनौर जिले में निकाह के दौरान जूता चुराई की रस्म एक दूल्हे पर काफी भारी पड़ गई। दरअसल साली ने दूल्हे से जूता चुराई के लिए 15 हजार रुपये मांगे थे। मगर दूल्हे ने साली को 15 हजार रुपये नहीं दिए। इसको लेकर दूल्हा पक्ष और दुल्हन पक्ष के बीच विवाद खड़ा हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि दूल्हा पक्ष के साथ मारपीट भी हो गई और दूल्हा पक्ष को बिना दुल्हन लिए बारात वापस ले जानी पड़ी। इस तरह बसता हुआ घर पहले ही उजड़ गया।
रिजवान ने साली को दिये थे 2100 रुपये :
दरअसल ये हैरान कर देने वाला मामला बिजनौर के कस्बा नांगल से सामने आया है। यहां बैंकट हॉल में नजीबाबाद मोहल्ला हर्षवाड़ा के रहने वाला रिजवान बारात लेकर आया था। बारात पहुंचने पर दुल्हन पक्ष ने बारात का भव्य तरीके से स्वागत किया। इसके बाद निकाह की रस्म भी अदा हो गई और इसके बाद साली ने अपने जीजा रिजवान के साथ जूता चुराई की रस्म की और उसके जूते चुरा लिए। वहीं हंसी-मजाक के बीच अचानक माहौल गर्मा गया।
रिजवान ने जूते वापस मांगे तो साली ने कहा कि 15 हजार रुपये देने पड़ेंगे तभी जूते मिलेंगे। ये देख रिजवान ने 15 हजार की जगह 2100 रुपये ही अपनी साली को दे दिए। मगर 2100 रुपये लेने के लिए साली ने साफ मना कर दिया। इसी दौरान दुल्हन की बड़ी बहन का भी निकाह हो रहा था और साली को उसके बड़े जीजा की तरफ से 15 हजार रुपये दिए गए थे। ऐसे में साली ने अपने जीजा रिजवान से कहा कि बड़े जीजा ने भी उसे 15 हजार रुपये ही दिए हैं। मगर आप सिर्फ 2100 ही दे रहे हैं। जो कि साली को नागवार गुजरे।
हो गया विवाद :
इस दौरान साली और जीजा रिजवान के बीच बहस के बाद विवाद खड़ा हो गया। इस विवाद में दूल्हा पक्ष और दुल्हन पक्ष भी शामिल हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि लड़की पक्ष ने दूल्हा पक्ष और बारात को वहीं रोक लिया और निकाह की रस्म भी रोक दीं। इसी दौरान तीखी बहस नियन्त्रण के बाहर हो गई और दोनों पक्षों में मारपीट भी शुरू हो गई।
पुलिस मौके पर पहुंची :
इस मामले की जानकारी पुलिस को भी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को काबू में लिया और दोनों पक्षों को थाने ले आई। यहां पुलिस ने समझौता करवाने की कोशिश की। मगर दोनों पक्ष समझौते पर नहीं पहुंच सके। इसके बाद दूल्हे पक्ष को बिना दुल्हन लिए ही बारात वापस ले जानी पड़ी। वहीँ इस पूरे मामले पर थाना प्रभारी नांगल सुशील कुमार ने बताया, किसी भी पक्ष ने कार्यवाही के लिए तहरीर नहीं दी है। दूल्हा रिजवान बिना दुल्हन के बारात लेकर वापस चला गया है। अभी मामला यहीं खत्म हो गया है, बाद में बवाल फिर हो सकता है, निकाह की रस्म पूरी हो गई थी।



