राजधानी रायपुर में सामने आया लव जिहाद का मामला, नाम बदलकर बरगलाया, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाये आरोप।

रायपुर : राजधानी रायपुर से एक चौंकाने वाला लव जिहाद का मामला सामने आया है, रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में युवती ने मुस्लिम युवक पर नाम बदलकर दोस्ती करने और शादी करने का आरोप लगाया गया है। इस शिकायत के बाद मामला गरमा गया है और इसको लेकर सांप्रदायिक विवाद खड़ा हो गया है। जिसको लेकर बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया है कि करीब 6 साल पहले उसकी मुलाकात युवक से हुई थी। युवक ने अपना नाम सोनू बताया था। दोनों के बीच दोस्ती हुई और बाद में शादी कर ली। आरोप है कि शादी के बाद उसे पता चला कि युवक का असली नाम सुफरान है। शिकायत के मुताबिक, शादी के बाद वह करीब एक साल तक पंडरी स्थित युवक के घर में उसकी नानी और बहनों के साथ रही। बताया गया है कि युवती के शरीर पर धार्मिक टैटू था, जिसे उसने मिटवाया है, और युवती को हिन्दू धार्मिक संस्कार करने से मना किया।

6 साल पहले हुई थी मुलाकात, नाम बताया था सोनू :

इस दौरान युवती गर्भवती हुई और उसने एक बेटे को जन्म दिया। पीड़िता का आरोप है कि बाद में सुफरान शेख हत्या के प्रयास के एक मामले में जेल चला गया, जहां वह एक साल से अधिक समय तक बंद रहा। वहीँ युवती का कहना है कि जेल से रिहा होने के बाद सुफरान ने बेटे को अपने पास रख लिया और उसे वापस नहीं दे रहा है। इसी मामले को लेकर उसने पंडरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है, और युवती उस पर अब लव जिहाद का आरोप लगा रही है।

परिजनों ने आरोपों को बताया निराधार :

इसके साथ ही युवक के परिजनों ने युवती के आरोपों को गलत और निराधार बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने युवती को परिवार के सदस्य की तरह अपनाया था। उनका दावा है कि युवक के जेल जाने के बाद युवती ने खुद आधार केंद्र जाकर अपना नाम बदलवाया था। इस मामले की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता पंडरी थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान कुछ देर के लिए थाने में तनाव की स्थिति बन गई। वहीँ अब इस मामले में सवाल उठता है कि युवती एक साल तक युवक के घर रही तो उसे कैसे पता नहीं चला कि युवक मुस्लिम था, और वहीँ ये कैसे तय होगा कि मामला लव जिहाद का है, क्यूंकि सवाल तो युवती पर भी उठता है, कि क्या वह अपने निजी मामले में युवक से बदला लेने के लिये हिन्दूवादी संगठनों का प्रयोग कर रही है? अथवा मामला वाकई में लव जिहाद से जुड़ा हुआ है? हालाँकि पुलिस जांच से सच्चाई तो सामने आ जायेगी, लेकिन सवाल खड़ा रहा जायेगा कि निजी स्वार्थ के लिये सांप्रदायिक विवाद क्यूँ पैदा किया गया?

पंडरी पुलिस ने शुरू की जांच :

वहीँ अब इस मामले में पंडरी थाना पुलिस का कहना है कि युवती की शिकायत और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी। मामले में प्रथमदृष्टया अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।