फुटबॉल के फाइनल मैच में गिरी दर्शक दीर्घा की गैलरी, मची चीख-पुकार, 35 घायल।

एर्नाकुलम (केरल) : कई बार कुछ ऐसी घटनायें भी सामने आ जाती है, जिनकी उम्मीद नहीं होती है, लेकिन कहीं ना कहीं लापरवाही के कारण घट जाती है, ऐसे ही एर्नाकुलम जिले में रविवार को एक बड़ा हादसा हो होने की खबर सामने आई है। मामला है दनार पब्लिक स्कूल के मैदान में आयोजित एक स्थानीय फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल के दौरान दर्शक दीर्घा की अस्थायी गैलरी अचानक ढह गई, जिसके बाद अफरातफरी का माहौल बन गया। इसके कारण 35 लोग घायल हो गए। 

स्कूल के फुटबॉल मैदान में ये हादसा रविवार रात 10 बजे हुआ है। यहाँ मैच शुरू होने से कुछ क्षण पहले ही दर्शकों की संख्या बढ़ गई। फाइनल देखने के लिए करीब 2,000 दर्शक जमा हुए थे, जिनके अतिरिक्त भार वहन के कारण यह हादसा हो गया। 

बैठने के लिए बनाई गई थी अस्थायी गैलरी :

फुटबॉल मैदान में दर्शकों के बैठने के लिए लोहे के पाइप और सुपारी के पेड़ की लकड़ी अस्थायी गैलरी बनाई गई थी। ज्यादा लोगों की वजह से दर्शक दीर्घा की अस्थायी गैलरी का एक हिस्सा अचानक ढह गया। धीरे-धीरे ये पीछे की ओर झुक गया और ज्यादा वजन की वजह से नीचे गिर गया। तभी फुटबॉल का फाइनल मैच देखने पहुंचे दर्शकों के बीच चीख-पुकार मच गई। एक-एक कर लोग दर्शक दीर्घा से नीचे गिरने लगे। एक के ऊपर एक चढ़ गए, इस घटना के कारण लोगों में दहशत भी फ़ैल गई। इस कारण कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल लोगों का स्थानीय अस्पतालों में इलाज चल रहा है। फुटबॉल मैच के आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।