मौसम विभाग: छत्तीसगढ़ में शीत लहर की चेतावनी, इस जिले में 2.6 डिग्री तक पहुंचा तापमान

सरगुजा। छत्तीसगढ़ में अब कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। सरगुजा संभाग के सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री के आस-पास पहुंच गया है। वहीं कोरिया जिले में ये 2.6 डिग्री दर्ज किया गया है। सरगुजा संभाग में घना कोहरा भी छाया हुआ है। कई जगह पर बर्फ की सफेद चादर बिछी हुई है। वहीं मौसम विभाग ने भी छत्तीसगढ़ के कई जिलों में 48 घंटे लिए शीतलहर की चेतावनी जारी की है।

चिल्फी घाटी (कवर्धा)
मौसम विभाग रायपुर से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को कोरिया में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जशपुर में यह 4 डिग्री और सरगुजा में 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। बिलासपुर संभाग के जिलों का न्यूनतम तापमान भी 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। वहीं रायपुर के बलौदा बाजार में तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस तक गिरा है। रायपुर में पारा 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आपको बता दें कि, कड़ाके की ठंड की वजह से कोरिया, चिल्फी घाटी और जशपुर के कुछ इलाकों में बर्फ जम गया है।

छत्तीसगढ़ के इन जिलों में शीतलहर की चेतावनी
मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटें के दौरान शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। इसमें कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा, जशपुर, कबीरधाम, पेण्ड्रा रोड, दुर्ग और उससे लगे जिलों में शीतलहर चलने की संभावना है। वहीं लोगों को भी सतर्क रहने कहा गया है।