रायपुर : बदमाशों के हौंसले काफी बुलंद हो गये है, जिससे कारोबारियों में डर का माहौल बना हुआ रहता है, ऐसे ही एक मामले में राजधानी के के न्यू शांति नगर स्थित ‘मद्रासी बाईट पॉइन्ट’ बिरयानी सेंटर में मुफ्त में खाना ले जाने से रोकने और पैसे मांगने पर दो अज्ञात बदमाशों ने होटल मैनेजर पर जानलेवा हमला कर दिया है। इस घटना को लेकर पीड़ित अब्दुल कादिर खान की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इस घटना की कार्यवाही देवेन्द्र नगर थाना के अंतर्गत की जा रही है।
दरअसल, पीड़ित मैनेजर अब्दुल कादिर खान ने पुलिस को बताया है कि, 31 जुलाई की रात करीब 11 बजे दो युवक होटल आये और 5 हाफ चिकन बिरयानी पार्सल करने का ऑर्डर दिया। करीब 11:16 बजे खाना पैक होने के बाद एक युवक पार्सल लेकर बिना पैसे दिये जाने लगा। जब मैनेजर ने पैसों की मांग की, तो दोनों युवक भड़क गये और अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। इसी दौरान बदमाशों ने अपने पास रखी हुई बीयर की खाली बोतल से मैनेजर के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में सिर फटने से खून बहने लगा। अचानक हुए हमले में मैनेजर गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्टाफ ने देखी पूरी घटना :
इस घटना के समय होटल कुक राजीव रजक, वेटर वसीम खान और मुसब्बीर खान मौके पर मौजूद थे। कर्मचारियों को आता देख दोनों आरोपी फरार हो गये। शुरुआती इलाज के बाद अब्दुल की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद देवेंद्र नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। हमले का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरी घटना कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी हुई है। इसके साथ ही पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगालकर बदमाशों की तलाश कर रही है।



