रायपुर : ऑनलाईन जमाने में लोग ठगी के ज्यादा शिकार हो रहे है, हालाँकि ऐसे मामले पहले भी आते थे, लेकिन वर्तमान में बढती समस्याओं के कारण लोग कहीं ना कहीं बहकावे में आ रहे है, इअसे ठगबाज लगातार ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे है। आजकल मैट्रिमोनियल वेबसाईट के जरिए भी ऑनलाइन ठगी होने लगी है। ऐसा ही एक मामला है जहाँ कोतवाली क्षेत्र के एक फल कारोबारी से मैट्रिमोनियल साइट के जरिए शादी करने का ऑफर देकर महिला ने ठग लिया है। महिला ने पहले शादी के नाम से बातचीत शुरू की थी। इसके बाद गोल्ड ट्रेडिंग, कार खरीदने और अपने पिता की बीमारी के नाम पर 14 लाख रुपए ठग लिये। इसकी शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पीड़ित ने इस मामले में अपनी शिकायत दर्ज करवाई है जो कि चौंकाने वाली है।
पुलिस के मुताबिक बैजनाथपारा के धोबी गली निवासी अब्दुल हक उर्फ बबलू फलों का थोक कारोबार करते हैं। उनका पहली पत्नी से तलाक हो गया था, जिसके बाद वो दूसरी शादी के लिए निकाह फार एवर नामक मैट्रिमोनियल साइट में अपना बायोडाटा दिया था। वेबसाईट से उन्हें बैतूल मध्यप्रदेश की विधवा महिला सादिया शेख नामक महिला का प्रोफाइल भेजा गया। उसमें सादिया का मोबाईल नंबर भी था। इसके बाद दोनों की बातचीत होने लगी, दोनों के बीच बातों में गहराई होने लगी। शादी के लिए वह राजी हो गई। इसके बाद दोनों के बीच वाट्सऐप चैटिंग होने लगी। महिला ने दूसरा मोबाईल नंबर भी दिया।
आरोपी महिला ने कभी कार खरीदने तो कभी बीमारी के नाम पर ठगेबाजी की :
इसके कुछ दिन बाद सादिया ने कहा कि वह टाटा हेरियर कार खरीद रही है, जिसमें 6 लाख कम पड़ रहे हैं। पीड़ित ने फिर उसके बताए बैंक खाते में उतने पैसे जमा कर दिए। इसके बाद महिला ने बताया कि उनके अब्बू को हार्ट अटैक आ गया है। उन्हें मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके लिए पैसे चाहिए। अब्दुल ने पैसे देने से मना कर दिया। लेकिन महिला लगातार उनसे पैसों की मांग करती रही। जिसके बाद पीड़ित को शक हुआ तो उसने इसकी शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया है।
गोल्ड में निवेश के नाम पर फंसाया :
महिला ने बातचीत के दौरान उसने अब्दुल को बताया कि वह गोल्ड ट्रेडिंग का काम करती है। इससे काफी आय होती है। उसने अब्दुल को भी पैसे लगाने के लिए प्रेरित किया। उसने कहा कि वह गोल्ड ट्रेडिंग के जरिए दूसरों को पैसा कमा कर देती है, आप तो उनके होने वाले शौहर हो। आप फायदा क्यों नहीं उठाते हो। ऐसे ही महिला की बातों में आकर अब्दुल राजी हो गया। फिर गोल्ड में निवेश के नाम पर महिला के बताए हुए बैंक खातों में 3 लाख, फिर 5 लाख जमा कर दिए, जिसके बाद धीरे – धीरे अब्दुल को ठगी का अहसास हुआ।



