ऑनलाईन सट्टेबाज और पार्षद गोविन्द – बब्बन लालवानी का पाकिस्तान कनेक्शन, बाप बेटे गिरफ्त में, 600 से ज्यादा खाते फ्रीज।

रायपुर :  छत्तीसगढ़ के रायपुर की राजधानी से सटे तिल्दा में एक निर्दलीय पार्षद के ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलवाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पार्षद सहित उसके पिता को गिरफ्तार किया है। दोनों बाप-बेटे मिलकर गजानंद ऐप के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलवा रहे थे। दोनों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्यवाही की गई है। सट्टेबाजी के खिलाफ जारी अभियान के तहत पुलिस को यह एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे ऑनलाइन सट्टा रैकेट से जुड़े निर्दलीय पार्षद गोविन्द बब्बन लालवानी और उसके पिता नंदलाल लालवानी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्यवही क्राइम ब्रांच और तिल्दा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की है। दोनों आरोपियों को देर रात गैरजमानती धाराओं में गिरफ्तार किया गया है।

पाकिस्तान और दुबई के सटोरियों से है कनेक्शन :

मामले में खुलासा हुआ है कि तिल्दा के वार्ड नंबर 03 से निर्दलीय पार्षद चुने गए बब्बन लालवानी का सीधा कनेक्शन पाकिस्तान और दुबई के सटोरियों से है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि पाकिस्तान से सट्टे का नेटवर्क रायपुर में फैलाया गया है, जिसमें लालवानी परिवार की भी अहम भूमिका रही है, वहीँ इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के पास से सट्टे के लेनदेन से जुड़ा महत्वपूर्ण रिकॉर्ड और मोटी रकम की जानकारी भी बरामद की है, जो कि चौंकाने वाली है।

गौरतलब है कि आरोपी नंदलाल लालवानी की निशानदेही पर पुलिस ने एक अन्य सटोरिया गैंग का भी भंडाफोड़ किया गया है, जो पैनल सट्टा चला रहा था। फिलहाल, क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी नंदलाल लालवानी और पार्षद गोविंद लालवानी उर्फ़ बबन को गिरफ्तार कर लिया है। राज्य में सटोरियों की संख्या काफी ज्यादा है, जिनके झांसे में कई लोग अपनी जीवनभर की पूंजी का नुकसान कर रहे है। बता दें कि सितंबर 2023 में सट्टे की रकम को लेकर एक मारपीट का मामला सामने आया था, जिसमें नंदलाल का नाम उछला था और तब भी उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया था।

600 से ज्यादा बैंक खाते किये गये फ्रीज़ :

पुलिस ने 600 से अधिक बैंक खातों को भी फ्रीज कराया है, जिसके जरिए सट्टे का पैसा खपाया जा रहा था। तिल्दा-नेवरा निवासी नंदलाल लालवानी और उसका बेटा गोविंद लालवानी सट्टा ऐप गजानंद का संचालन करते थे। दोनों ऐप के मुख्य संचालनकर्ता हैं। पुलिस ने छापा मारकर दोनों को गिरफ्तार किया। दोनों गजानंद ऐप का पैनल बेचते थे और ऑनलाईन सट्टा चलवाते थे। इसमें इस्तेमाल हुए 600 से अधिक बैंक खातों को पुलिस ने फ्रीज कराया है, जिसमें करोड़ों रुपए के लेन-देन का पता चला है।

थाना प्रभारी का बयान :

तिल्दा थाना प्रभारी सत्येन्द्र श्याम ने बताया कि ऑनलाइन सट्टा ‘गजानंद एप’ से जुड़े आरोपियों पर पूर्व में भी कार्यवाही की जा चुकी है। वहीँ पुराने प्रकरण पर नंदलाल ललवानी निर्दलीय पार्षद और बब्बन लालवानी लंबे समय से फरार चल रहे थे। जिन्हें कल देर रात गिरफ्तार कर गैरजमानती धाराओं के तहत कार्यवाही की गई है।