रायपुर : हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र तोमर और रोहित तोमर का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस लगातार खोजबीन कर रही है, साथ ही उनके करीबियों के यहां छापे के दौरान पुलिस ने 40 करोड़ से ज्यादा की रजिस्ट्री के दस्तावेज और साढ़े तीन करोड़ का सोना जब्त किया है। इसके अलावा 10 लाख की चांदी, बैंक पासबुक, कुछ चेक और एटीएम भी मिले हैं। सभी पर छापामार कार्यवाही की गई है। tomar बंधुओं पर लगातार जांच और कार्यवाही जारी है।
वहीँ पुलिस ने तोमर बंधुओं के करीबी कारोबारी रविंदर सिंह और ऋषभ सिंह के ठिकानों में मंगलवार की रात करीब 8 बजे छापेमारी की थी। बुधवार की सुबह 7 बजे यह जांच पूरी हुई है। वहीँ इस कार्यवाही के दौरान रविंदर सिंह के घर से 150 से ज्यादा रजिस्ट्री के दस्तावेज व सोना-चांदी के साथ 8 लाख कैश भी मिला, जिसे जब्त कर आयकर विभाग को सूचना दी गई है। ऐसे में पुलिस को शक है कि सोना और रजिस्ट्री के दस्तावेज उन लोगों के हैं जिन्होंने तोमर ब्रदर्स से पैसा सूद पर लिया था। जिनको बाद में ब्लैकमेलिंग कर दोनों भाइयों ने रजिस्ट्री के दस्तावेज तक जब्त कर लिए। साथ ही सोना-चांदी भी कर्जदारों का ही होने का शक है।
इस मामले में पुलिस के मुताबिक, भाठागांव वालफोर्ट सिटी निवासी रविंदर सिंह और हनुमान वाटिका निवासी ऋषभ सिंह तोमर बंधुओं के बेहद करीबी हैं और कई मामलों में उनका लेन-देन भी करते हैं। वहीँ इस मामले में पुलिस ने कोर्ट से सर्च वारंट लेकर दोनों के घरों की तलाशी ली थी। कारोबारी रविंदर सिंह के घर पर प्रॉपर्टी के 150 से ज्यादा दस्तावेज मिले हैं। जिनकी जांच की जा रही है। राजस्व विभाग से इनकी प्रॉपर्टी की जानकारी निकाली जा रही है।
पूछताछ में कारोबारी रविंदर ने पुलिस काे बताया कि उनका खुद का पेट्रोल पंप है और उरला क्षेत्र में फैक्ट्री है। कारोबारी से जो आय हुई है उससे संपत्ति खरीदी है। उनका तोमर ब्रदर्स के कारोबार से कोई संबंध नहीं है। वहीँ दूसरी तरफ कारोबारी ऋषभ से पुलिस को ज्यादा कुछ नहीं मिला है। ऐसे में माना जा रहा है कि उसे छापे के बारे में पहले से अंदेशा होने की इस वजह से उसने जेवर, नगद और दस्तावेजों को ठिकाना लगा दिया था।
तोमर बंधुओं के घर से मिले थे 70 से ज्यादा चेक और रजिस्ट्री के दस्तावेज :

मामला सामने आने के बाद 3 जून को पुलिस ने तोमर बंधुओं के भाठागांव के घर पर छापेमारी की गई थी। जिसमें 12 घंटे की जांच के बाद पुलिस ने 35.10 लाख नगद, 734 ग्राम गोल्ड ज्वेलरी, 125 ग्राम चांदी के जेवर, बीएमडब्ल्यू, थार और ब्रेजा जब्त किया था। इसके अलावा 120 से ज्यादा इकरारनामे के दस्तावेज, 70 से ज्यादा चेक और 17 रजिस्ट्री के दस्तावेज मिले थे। उन दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। इस बीच अब 150 से ज्यादा रजिस्ट्री के दस्तावेज जब्त किए गए हैं। जांच में कई जानकारियां सामने आई है।
उत्तरप्रदेश में छिपे होने का शक, तलाश जारी :
दोनों फरार तोमर बंधुओं के यूपी में छिपे होने का पुलिस को संदेह है। पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही है। उनसे जुड़े लोगों को नोटिस देकर बुलाया जा रहा है और सबसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस के पास अब तक 12 से ज्यादा शिकायतें आ चुकी है। इसमें सूदखोरी के अलावा गाड़ियों के लेन-देन के मामले ज्यादा हैं, सभी जो लोग पीड़ित है, उनकी शिकायतों पर भी जांच की जा रही है। इस मामले में रायपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा, तोमर बंधुओं की लगातार तलाश जारी है। उनसे जुड़े लोगों के घर तलाशी में जेवर, कैश और दस्तावेज मिले हैं। उचित दस्तावेज पेश करने पर जेवर, कैश और जमीन के दस्तावेजों को लौटा दिया जायेगा।