छ.ग. की अनमोल आहूजा की मौत मामले में ससुरालियों पर लगा दहेज़ प्रताड़ना और हत्या का आरोप, सामने आया ये मामला….।

जबलपुर (म.प्र.) : छ. ग. के भाटापारा में पली बढ़ी अनमोल की 3 साल पहले शादी जबलपुर में रहने वाले विपुल आहूजा के साथ हुई थी। अनमोल के परिजनों का आरोप है कि विपुल ने शराब के नशे में धुत्त होकर उनकी बेटी को दो मंजिला मकान से धक्का दे दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। बेटी की मौत की खबर पाकर छत्तीसगढ़ के भाटापारा से अनमोल के माता-पिता और अन्य परिजन जबलपुर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से मिलकर पूरे मामले की जांच करने के साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग करने लगे। उक्त महिला की इस प्रकार के हादसे में मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। मामला है बीते सप्ताह गुरुवार की रात को एक महिला अपने घर के दूसरे तल से नीचे गिर गई थी। शुक्रवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका अनमोल आहूजा (27) की पचमठा निवासी विपुल आहूजा की पत्नी थी। इस घटना की सूचना पाकर छत्तीसगढ़ से जबलपुर पहुंचे मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने महिला की हत्या का आरोप लगाया है।

इस मामले में मृतका के परिजनों ने पति विपुल पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने की बात कही है। इसे लेकर पति-पत्नी में विवाद होने और फिर अनमोल को छत से ढकेल कर मारने की पुलिस शिकायत की गई है। गढ़ा थाना पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया है। यह घटना हादसा है या हत्या, इसका पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। नवविवाहिता की मौत का मामला होने के कारण गढ़ा सीएसपी को जांच का उत्तरदायित्व सौंपा गया है। दोनों का विवाह लगभग ढाई वर्ष पूर्व हुआ था।

ढाई साल पहले हुई थी शादी :

इस मामले में मृतका के पिता छत्तीसगढ़ के भाटापारा निवासी मुरली खत्री ने बताया कि उनकी पुत्री अनमोल का विवाह दिसंबर, 2022 को विपुल आहूजा के साथ हुआ था। दोनों की डेढ़ वर्ष की पुत्री भी है। विवाह के बाद से ही उसके ससुराल के लोग दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे थे। अनमोल के साथ उसका पति शराब पीकर मारपीट करता था। वह दो बार उसका हाथ भी तोड़ा चुका था। लेकिन रिश्ते को बचाने के लिए उनकी पुत्री सब कुछ सहती रही। विपुल जबलपुर में सिंधी खाना खजाना के नाम से एक फास्ट फूड की दुकान भी लगता है।

ससुराल वालों ने अस्पताल में छोड़ा शव :

घटना की रात को पुत्री ने फोन करके बताया कि विपुल उसके साथ मारपीट कर रहा है। तुरंत जबलपुर आ जाएं और उसे ले जाएं। वह पहुंचते उसके पहले ही अनमोल के चाचा ससुर ने फोन करके बताया कि वह छत से गिर गई है और घायल है। अनमोल आहूजा की शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। शुक्रवार को सुबह जब वह जबलपुर पहुंचे तो उसकी मौत की सूचना मिली, जिससे परिजनों को बड़ा सदमा लगा और वो रोने लगे। वहीँ मृतका का शव एक निजी अस्पताल में रखा गा था। वहां पर ससुराल पक्ष को कोई व्यक्ति नहीं था। अनमोल की डेढ़ वर्षीय बच्ची का भी पता नहीं है, कि वह कहाँ है। अनमोल के माता-पिता एवं भाइयों का आरोप है कि उसे लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसे वह सह रही थी।

दुल्हन बनाकर भेजा, अर्थी ले जा रहे :

घटना के बाद मृतिका के पिता के साथ उसके भाई भी जबलपुर पहुंचे थे। अनमोल के भाई सुनील ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन को दुल्हन बनाकर जबलपुर भेजा था। कभी नहीं सोचा था कि उसकी अर्थी उन्हें अपने घर लेकर जाना पड़ेगा। अनमोल का पति के साथ इससे पहले भी तीन बार शराब पीकर मारपीट करने को लेकर विवाद हुआ था। बहन कहती थी कि सब कुछ ठीक हो जाएगा। यदि उन्हें जरा भी अंदाजा होता कि उसकी हत्या कर देंगे, तो वह उसे यहां अकेला नहीं छोड़ते।

सिंधी खाना-खजाना का स्टॉल :

नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत के मामले में मायके पक्ष के निशाने पर आया विपुल मालवीय चौक में सिंधी खाना-खजाना का फूड स्टॉल लगाया था। कुछ समय पूर्व ही विपुल ने यह स्टाल आरंभ किया था। सिंधी खाद्य सामग्रियों के जायके कारण उनकी तेजी से पहचान बनी थी।

पुलिस ने आवश्यक कार्यवाही कि बात कही :

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक विवाह के 7 साल तक यदि इस तरह की कोई घटना होती है तो उसमें सबसे पहले FIR दर्ज की जाती, इस मामले में भी गढ़ा थाने में FIR दर्ज की गई है, इसके साथ ही जहां विपुल और अनमोल रहते थे वहां सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं उनकी जांच की जायेगी, आस पड़ोस से पूछताछ भी जारी है, इसके साथ ही आसपास रहने वाले लोगों से भी पारिवारिक माहौल के संबंध में जानकारी ली जायेगी। यदि ससुराल पक्ष द्वारा अनमोल को प्रताड़ित करने की जानकारी सामने आती है तो उचित कानूनी कार्यवाही भी होगी।