रायपुर : प्रदेशभर में अपराध लगातार बढ़ रहे है, एक तरफ नशे का कारोबार इसका जिम्मेदार है तो दूसरी तरफ आसानी से हथियारों का मिलना। ऐसे ही राजधानी समेत प्रदेशभर में अधिकतर बदमाश से ई कॉमर्स वेबसाइट से चाकू मंगवाकर अपराध को अंजाम दे रहे हैं। बीते दिनों मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के पेट्रोल पंप के मैनेजर की दो युवकों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी थी। इस वारदात में इस्तेमाल चाकू को ऑनलाइन ई – कॉमर्स वेबसाइट से मंगवाया गया था। इस जानकारी के बाद रायपुर पुलिस ने ईकॉमर्स वेबसाइट और कोरियर डिलवरी कंपनी के कर्मचारियों पर एक्शन लिया है.।फ्लिपकार्ट और कोरियर कंपनी के 2 मैनेजर, 1 सुपरवाइजर, 3 डिलीवरी बॉय को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, पेट्रोल पंप मैनेजर की हत्या के आरोप में गिरफ्तार दो बदमाश अभनपुर निवासी कुणाल तिवारी उर्फ लालू और समीर टंडन ने पूछताछ में बताया कि उन लोगों ने फ्लिप कार्ट में ऑनलाइन ऑर्डर कर चाकू मंगवाया था। उसी चाकू से उन लोगों ने पेट्रोल पंप मैनेजर की हत्या की थी। जिसके बाद पुलिस ने अब उपरोक्त कार्यवाही की है। राजधानी में अपराध लगातार बढ़ रहे है जो कि चिंतनीय है।
एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह के निर्देश पर फ्लिककार्ट और चाकू डिलीवर करने वाली इलास्ट्रिक रन कोरियर कंपनी के कर्मी गुलरेज अली, मोहित कुमार, अभिजीत गोस्वामी, दिनेश कुमार, हरिशंकर साहू और आलोक साहू को गिरफ्तार किया गया है। इन सभी आरोपियों के खिलाफ थाना मंदिर हसौद में अपराध क्रमांक 293/25 धारा 125(बी), 3(5) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया है। कंपनी के अन्य लोगों के संबंध में जांच जारी, संलिप्तता पाए जाने पर आगे और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है। ऐसे में जो लोग भी इस कृत्य में शामिल होंगे उनके ऊपर कार्यवाही की गाज गिरेगी।



