रतनपुर : जिले में गुमशुदा नाबालिग की हत्या का खुलासा हो गया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी दोस्त को गिरफ्तार किया है। जानकारी सामने आई है कि मोबाइल गेम खेलने की नीयत से आरोपी युवक फोन छीनना चाहता था, जिसका विरोध करने पर उसने अपने दोस्त की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। वहीँ पुलिस ने मृतक का शव बंद स्कूल के कमरे से बरामद किया, और टेक्निकल टीम की मदद से आरोपी छत्रपाल सूर्यवंशी को पकड़कर कार्यवाही करने की बात कही। पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी धनंजय सूर्यवंशी ने 1 अगस्त 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका नाबालिग भतीजा चिन्मय सूर्यवंशी 31 जुलाई की शाम 4:30 बजे घर से बिना बताए मोबाइल लेकर कहीं चला गया और वापस नहीं लौटा।
जिसके बाद रिपोर्ट पर थाना रतनपुर में अपहरण का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान 15 दिन बाद बच्चे का शव ग्राम भरारी के एक बंद पड़े स्कूल के कमरे में मिला। पुलिस ने मृतक के दोस्तों से पूछताछ की तो पता चला कि आरोपी छत्रपाल सूर्यवंशी की नजर मृतक के मोबाइल पर थी। फिर इस मामले में संदेही को पकड़ा गया और कड़ाई से पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल किया है कि गेम खेलने के लिए मोबाइल न मिलने से उसने दोस्त से मोबाइल छीनने की योजना बनाई और विरोध करने पर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
वहीँ 31 जुलाई की शाम चिन्मय अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी। तब से पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। मोबाईल की लोकेशन और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस को सुराग मिला। अंततः गुरुवार को गांव के ही सालों से बंद पड़े प्राथमिक स्कूल संकुल भवन में चिन्मय का शव मिला। दरअसल, मृतक चिन्मय और आरोपी छत्रपाल दोनों को मोबाईल गेम की लत थी। छत्रपाल का मोबाईल उसके परिजनों ने छीन लिया था।चिन्मय अक्सर अपने मोबाईल पर गेम खेला करता था। इसी वजह से आरोपी ने उससे मोबाइल मांगा, लेकिन चिन्मय ने इंकार कर दिया था, जिसके बाद इस पर छत्रपाल ने गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को छिपा दिया था।



