बालोद : चोर आमतौर पर बड़े घरों की रेकी करते है और उनको निशाना बनाते है, लेकिन यहाँ मामला चौंकाने वाला आया है। भीख मांगकर जीवन यापन करने वाली बुजुर्ग महिला के घर से 2 लाख 54 हजार रुपए की चोरी हो गई है। पीड़ित महिला तीज पर्व मनाने गई हुई थी। इस दौरान अज्ञात चोर ने सूने मकान में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। यह पूरा मामला देवरी थाना क्षेत्र के नाहंदा गांव का है। पीड़ित महिला की शिकायत पर देवरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जानकारी के मुताबिक, महिला अमृत वैष्णव ने भीख मांगकर 4 हजार जुटाए थे। साथ ही अपने मकान का एक हिस्सा बेचकर 2 लाख 50 हजार रुपए घर पर रखा हुआ था।
नाहंदा गांव की रहने वाली महिला अमृत वैष्णव ने बताया कि उनका कोई संतान नहीं होने से वह गांव–गांव में जाकर लोगों से भीक्षा मांगकर अपना जीवन-यापन करती है। 29 जुलाई 2024 को मेरे नाम के आवास को एक कमरा को छोड़ककर शेष आवास को गांव के जितेन्द्र पटेल के पास 2,50,000 रुपए में बिक्री की थी। उसने इस पैसे को अपने कमरे में एक पेटी के अंदर एक स्टील के डिब्बा में रखकर पेटी में दोनों तरफ संकल में ताला लगाकर रखा हुआ था। इसके अलावा थैले में भिक्षा से मिले हुये 4000 रुपए को भी रखा था।
पीड़ित महिला ने बताया कि, 25 अगस्त 2025 की दोपहर करीबन 3 बजे घर के मेन दरवाजे में ताला लगाकर होम गिरी महराज निवासी पीपरखार के घर तीजा मनाने गई हुई थी।वह जब तीजा मनाकर 27 अगस्त की शाम करीब 4 बजे घर वापस आई तो देखा कि मेरे घर के मुख्य दरवाजे का लगा हुआ ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखी तो पेटी में लगे दोनों ताला कुंडा सहित उखड़ा हुआ था। पेटी में रखे नगदी रकम 2,50,000 रुपए व थैले में रखे हुये 4000 रुपए भी नहीं थे। कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है। आसपास के लोग व ग्राम कोटवार को घटना की जानकारी देकर पीड़ित महिला ने थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी राकेश ठाकुर ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की जा रही है। चोर को पकड़ने की कार्यवाही की जायेगी।



