राजधानी में मिले नक्सली, कई दिनों से छिपकर रह रहे थे, अब SIA ने किया गिरफ्तार।

रायपुर : राजधानी से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां बस्तर से निकलकर नक्सली राजधानी रायपुर पहुंच रहे हैं। यहां के डीडी नगर क्षेत्र में कई दिनों से छिपकर रह रहे दो नक्सलियों को राज्य की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी SIA ने गिरफ्तार कर लिया है। राजधानी से दो नक्सलियों की गिरफ्तारी होने के बाद हड़कंप मच गया है। हालाँकि पुलिस को पहले ही अंदेशा था कि ऐसा हो सकता है।

SIA ने गिरफ्तारी को रखा गोपनीय :

दरअसल बस्तर में नक्सलियों पर भारी दबाव है। ऐसेे में बीमार नक्सली इलाज को भी तरस रहे हैं। वहां से भागकर दूसरे क्षेत्रों की तरफ जा रहे हैं। अब तो नक्सली बस्तर से निकलकर राजधानी रायपुर तक पहुंच रहे हैं। राज्य की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी SIA ने इस मामले में एक बड़ी कार्यवाही करते हुए रायपुर से दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। जिससे हड़कम्प मच गया है। बताया जा रहा है कि ये रायपुर के अंबेडकर अस्पताल में इलाज करने के दौरान पकड़े गए हैं। ये कई दिनों से राजधानी के डीडी नगर में छुपकर रह रहे थे। लेकिन SIA ने इनकी गिरफ्तारी को गोपनीय रखा है। गिरफ्तार नक्सलियों के नाम कमला और जग्गू बताए जा रहे हैं।

बीजापुर के रहने वाले, लंबे समय से रायपुर में सक्रिय :

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जग्गू उर्फ रमेश कुरसम (28 वर्ष) और उसकी पत्नी कमला कुरसम (27 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों 2017-18 से माओवादी संगठन में सक्रिय हुए और बीते पांच से छह सालों से रायपुर के अलग-अलग इलाकों में रहकर संगठन को सहयोग कर रहे थे।

फर्जी आधार कार्ड से लिया था घर :

जानकारी के मुताबिक, दंपती ने चंगोराभाठा में एक माह पहले ही मकान किराए पर लिया था। कमला कुरसम ने मकान मालिक को फर्जी आधार कार्ड दिखाया था, जिसमें उसका नाम बदला हुआ था। मकान किराए पर लेने की वजह इलाज बताई गई थी। फिलहाल पुलिस मकान मालिक और उनके संपर्कों की भी जांच कर रही है। इस मामले में मकान मालिक भी जांच के दायरे में आ गया है।

बड़े अफसरों के घरों में नौकरी कर चुका जग्गू :

पुलिस पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि जग्गू उर्फ रमेश कुरसम रायपुर में कई बड़े अधिकारियों और प्रतिष्ठित परिवारों के यहां ड्राइवर और गार्ड की नौकरी कर चुका है। इससे वह न केवल शहर के हालात बल्कि प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी भी जुटाता था। पुलिस को आशंका है कि वह इन सूचनाओं को माओवादी संगठन तक पहुंचाता था।

अर्बन नेटवर्क की पतासाजी में जुटी टीम :

जानकारी सामने आई है की नक्सली जग्गू को पथरी की समस्या थी। जिसका इलाज कराने के लिए बीजापुर से रायपुर आया हुआ था। यहां के अंबेडकर अस्पताल में इलाज करवा रहा था। सूचना मिलते ही एसआईए की टीम ने दोनों को दबोच लिया। अब एसआईए की टीम नक्सलियों के अर्बन नेटवर्क की पतासाजी में जुटी हुई है। इनसे जुड़े अन्य लोग भी राजधानी में हो सकते है। राजधानी से दो नक्सलियों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए गले की फांस बन गया है। क्योंकि राजधानी में मंत्री, अफसर, नेता सभी रहते हैं। ऐसे में अब इस बात को भी पता किया जा रहा है कि इलाज के बहाने नक्सली यहां रैकी तो नहीं कर रहे थे, इन दोनों के अलावा और भी नक्सली राजधानी में छिपकर तो नहीं रह रहे हैं। पुलिस इन सभी की जांच कर रही है।