शिव मंदिर में अशोभनीय हरकत पर आक्रोशित लोगों ने क्षेत्र में की तोड़फोड़ और आगजनी, मामले में 9 आरोपी गिरफ्तार।

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात शिव मंदिर में हुई एक अशोभनीय हरकत के बाद बवाल मच गया था। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई और आरोपी युवक की गिरफ्तारी की उसके साथ क्षेत्र में तोड़फोड़ और आगजनी के मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए कुल 9 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक की पहचान अशरफ खान पिता अनीस खान के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने मौके से तुरंत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शुक्रवार की रात करीब 7:30 बजे शिव मंदिर परिसर में अनैतिक कृत्य किया था। यह खबर जैसे ही क्षेत्र में फैली, आसपास के लोग आक्रोशित हो गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी।

जिसके बाद आक्रोश के माहौल के बीच कुछ असामाजिक तत्वों ने स्थिति का फायदा उठाया और कथित तौर पर अपनी पुरानी रंजिश निकालने के लिए हंगामा शुरू कर दिया। इन तत्वों ने एक ठेले को तोड़ दिया और एक अन्य ठेले के साथ-साथ एक बाइक को आग के हवाले कर दिया। इससे क्षेत्र में अराजकता फैल गई, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को काबू में करने की कोशिश की। इस घटना के बाद मामले में काफी बवाल हुआ था।

इस घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल कार्यवाही की। पुलिस ने पहले तो मुख्य आरोपी अशरफ खान के खिलाफ अपराध क्रमांक 1355/25 के तहत धारा 299, 296, 351(2) में अपराध दर्ज किया गया है। इसके अलावा मुस्लिम क्षेत्र में तोड़फोड़ और आगजनी करके उपद्रव फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त कार्यवाही की है। पुलिस ने अब तक दोनों पक्षों से कुल 08 आपराधिक तत्वों को गिरफ्तार किया है। जिसके बाद अब क्षेत्र में शांति का माहौल है।

एसएसपी ने लोगों से की शांति बनाए रखने की अपील :

इस मामले में एसएसपी रजनेश सिंह ने मीडिया को बताया कि फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जायेगा। उन्होंने यह भी बताया कि घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद उन्होंने आला अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया था। फिलहाल, अशोक नगर और आसपास के क्षेत्रों में किसी भी अप्रिय घटना से निपटने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लगातार स्थिति पर निगरानी बनाए हुए है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

इस मामले में मोहम्मद इसराईल, अरमान खान, सलमान खान, सहादत्त खान उर्फ छोटू, वैधनाथ यादव, ओमप्रकाश मानिकपुरी उर्फ गब्बर, करण यादव उर्फ केडी, गौकरण साहू उर्फ बोदू और कैलाश साहू को पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है। ये सभी बदमाश बताये गये है।