रायपुर : सामान्यतया भारत में बारिश का मौसम 15 जून से 15 अक्टूबर तक का माना जाता है। वहीँ अब छत्तीसगढ़ से मानसून की पूरी विदाई हो चुकी है। वहीँ मौसम अब शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।. पिछले 24 घंटे के दौरान कहीं पर भी वर्षा दर्ज नहीं की गई है। इस दौरान तापमान राजनांदगांव में सबसे ज्यादा 33.4 डिग्री सेल्सियस, जबकि सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। दिनभर मौसम गर्म रहा तो वहीँ आधी रात के बाद मौसम में हल्की ठंड महसूस की गई।
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार जानकारी दी गई कि, एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर झारखंड और उसके आसपास स्थित है। ऐसे में प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है। हालांकि, दो दिनों के बाद प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना हो सकती है।
इसके साथ ही बात करें राजधानी रायपुर की तो मौसम विभाग ने आसमान में बादल छाए रहने की संभावना जताई है। जिससे तापमान परेशान नहीं करेगा, इस दौरान तापमान 23 डिग्री सेल्सियस से लेकर के 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। तो वहीं आधी रात हल्की ठंड का अहसास भी होगा।
मौसम विभाग के अनुसार, 30 सितंबर तक हुई बारिश को मॉनसून की बारिश कहा जाता है। अक्टूबर महीने में होने वाली बारिश को पोस्ट मॉनसून कहा जाता है। इस बार छत्तीसगढ़ में मॉनसून करीब 10 दिनों की देरी से लौटा है जबकि समय से पहले एंट्री भी हो गई थी। अक्टूबर महीने में इस बार सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है।



