जोधपुर (राजस्थान) : जोधपुर में रविवार रात को एक दिल दहला देने वाली खौफनाक घटना सामने आई है। माता का थान नामक थाना क्षेत्र के महादेव नगर में 20 वर्षीय पाक विस्थापित युवक विजय कुमार की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। युवक का शव सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। पाक विस्थापित युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। वहीँ मृतक की पहचान 22 वर्षीय विजय कुमार के रूप में हुई है। वह अपने घर में अकेला था जब यह घटना हुई। वहीँ इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश का माहौल है।
इस मामले में सूत्रों के अनुसार, विजय कुमार का शव घर के अंदर हाथ-पैर और मुंह बंधी स्थिति में मिला है, जिससे पुलिस को प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका हुई है। इस घटना की सूचना पर माता का थान क्षेत्र के पुलिस थाना प्रभारी मानाराम और एडीसीपी वीरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाये है। इस घटना से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोग इस वारदात को लेकर काफी दहशत में हैं।
परिवार के लौटने पर हुआ खुलासा :
सामने आई जानकारी के मुताबिक, घटना के समय परिवार के सदस्य घर से बाहर गए हुए थे। लौटने पर जब उन्होंने गेट खोला, तो विजय कुमार मृत अवस्था में पड़ा मिला था। जिसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिवार के बीच गम और सदमे का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आपसी रंजिश या लूट की मंशा, पुलिस कर रही जांच :
पुलिस इस मामले को लेकर कई एंगल से जांच कर रही है, क्या यह आपसी रंजिश का परिणाम है या फिर लूट की नीयत से हत्या की गई है। जांच अधिकारी घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर सुराग तलाशने में जुटे हुये हैं। फिलहाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। जबकि स्थानीय लोग इस मामले में कुछ बता नहीं पा रहे है।
अधिकारियों से संपर्क का प्रयास असफल :
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए हमारे संवाददाता गिरीश दाधीच ने एडीसीपी विक्रम सिंह और थाना अधिकारी मानाराम से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन दोनों अधिकारियों से संपर्क नहीं हो सका। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही हत्या के पीछे की सच्चाई सामने लाई जाएगी और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। फिलहाल जोधपुर पुलिस पूरे मामले की सघन जांच में जुटी हुई है, और स्थानीय लोग इस निर्मम हत्या से स्तब्ध हैं। वहीँ अब इस घटना ने आसपास के लोगों की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिये है।



