प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण का खेल, प्रार्थना सभा आयोजित करने वाले पति-पत्नी सहित 6 गिरफ्त में।

बिलासपुर : राज्य के हर शहर, गाँव – गाँव, गली – गली में प्रार्थना सभा के नाम पर धर्मान्तरण का गन्दा खेल जारी है। ऐसे में बिलासपुर जिले में एक बार फिर धर्मांतरण को लेकर माहौल गर्मा गया है। यहाँ मस्तूरी थाना क्षेत्र के हिर्री गांव के एक सूने घर में प्रार्थना सभा बुलाई गई थी। जहां लोगों का धर्मपरिवर्तन करवाया जा रहा था। इस मामले में हिंदू संगठन ने आरोप लगाया है कि प्रार्थना सभा की आड़ में लोगों का ब्रेनवाश किया जा रहा था।

इस सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पति-पत्नी समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के मुताबिक, हिर्री गांव के सूने मकान में प्रेयर मीटिंग बुलाई गई थी। जिसमें लगभग 70 लोग शामिल हुए थे। इस दौरान बहला-फुसलाकर लोगों का धर्मंतरण कराया जा रहा था। हिंदू संगठन ने इसकी सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। उनका आरोप है कि यहां आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को झांसा देकर कहानी बताई जा रही थी। उनका ब्रेनवाश किया जा रहा था।

इस घटना से जुड़ा हुआ वीडियो भी सामने में आया है। जहाँ पुलिस के पहुंचने के बाद बड़ी संख्या में लोग घर से बाहर निकलते हुए वीडियो में दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बाद पति गोरेलाल टंडन और उसकी पत्नी सद्रोहा टंडन समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई है। राज्यभर में ऐसे मामले लगातार सामने आ रहे है, जिससे सांप्रदायिक माहौल खराब होने की आशंका बनी रहती है।