जशपुर : सोमवार 27 अक्टूबर को पूरे देशभर में छठ पर्व मनाया गया, इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार सुबह अपनी पत्नी कौशल्या साय के साथ कुनकुरी के छठ घाट पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही सिर पर सूपा रखकर घाट तक पहुंचे। मुख्यमंत्री ने बड़ी ही श्रद्धा के साथ उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। छठ पूजा के समापन के मौके पर बलौदाबाजार सहित प्रदेशभर में श्रद्धालुओं का जन सैलाब उमड़ पड़ा। यहाँ व्रती महिलाओं के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिक भी घाटों पर पहुंचे और पूजा में शामिल हुए।
वहीं मौसम में सुबह से ही बदली थी, जिसके कारण आसमान में छाए बादलों के कारण कुछ देर तक महिलाओं को सूर्य दर्शन में परेशानी हुई, लेकिन श्रद्धा और उत्साह में कोई कमी नहीं आई। वहीं 36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद आज उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ छठ महापर्व संपन्न हुआ। महिलाओं ने संतान सुख, दीर्घायु और पारिवारिक सुख-समृद्धि की कामना करते हुए श्रद्धा-भक्ति से व्रत पूरा किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने भी छठ महापर्व के अवसर पर दुलदुला छठ घाट में पहुँचकर सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को छठ पूजा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत सौभाग्य का अवसर है कि मुझे छठ पर्व में सम्मिलित होने का अवसर मिला। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जनता के विश्वास और स्नेह से ही उन्हें जनसेवा का अवसर मिला है, और वे क्षेत्र के विकास एवं जनता की अपेक्षाओं की पूर्ति के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने दुलदुला क्षेत्रवासियों की माँग पर छठ घाट के सौन्दर्यीकरण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आगामी छठ पर्व तक दुलदुला छठ घाट का सौन्दर्यीकरण कार्य पूर्ण कर दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि कुनकुरी छठ घाट का सौन्दर्यीकरण लगभग ₹5 करोड़ 17 लाख की लागत से किया गया है, जहाँ इस वर्ष व्रती महिलाएँ पूर्ण श्रद्धा-भाव से पूजा-अर्चना कर रही हैं।इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, जनपद पंचायत दुलदुला अध्यक्ष श्री रामकुमार सिंह, आईजी श्री दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह सहित छठ व्रत करने वाली महिलाएँ, जनप्रतिनिधिगण एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इस शुभ अवसर पर क्षेत्रवासियों को छठ घाट की सौगात मिली।



