कटनी (म.प्र.) : मध्यप्रदेश के कटनी जिले में बजरंग दल कार्यकर्ता की गोली मार कर हत्या से सनसनी फैल गई है। इस मामले में जानकारी सामने आई है कि बाइक सवार बदमाशों ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। इस हत्या के बाद नगर में आक्रोश का माहौल है। बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान घटनास्थल पर मौजूद है। पुलिस लगातार ऐहतियात बरत रही है। दरअसल कटनी के कैमोर में बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने बजरंग दल कार्यकर्ता एवं बीजेपी नेता निलेश रजक की गोली मारकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार निलेश रजक अपनी बाइक से एसीसी सीमेंट प्लांट के बैंक ऑफ़ बड़ौदा के पास से जा रहे थे इस दौरान एक बाइक में सवार दो अज्ञात लोगों ने बंदूक से गोली मारकर उनकी हत्या कर दी।
गोली मारकर हत्या की जानकारी जैसे ही स्थानीय लोगों को लगी तो मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। इस घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है। विरोध में कैमोर बंद करने तक की हालात उत्पन्न हो गई। इधर हालात को नियंत्रित करने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने मोर्चा संभाला हुआ है। घटना को लेकर वीरेंद्र धुर्वे एसडीओपी विजयराघवगढ़ ने दावा किया है आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें बाइक सवार साफ तौर पर नजर आ रहे है। पुलिस आरोपियों की जानकारी जुटाने में लग गई है।



