रायपुर बंद को चैंबर ऑफ कॉमर्स का समर्थन नहीं, कल खुला रहेगा बाज़ार, सभी दुकानें और स्कूल आदि भी।

रायपुर : राजधानी के तेलीबांधा वीआईपी चौक में स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने की घटना के विरोध में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने राज्योत्सव से एक दिन पहले 31 अक्टूबर को रायपुर बंद का ऐलान किया है। छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स ने रायपुर बंद काे समर्थन नहीं दिया है। शुक्रवार को सभी दुकानें खुली रहेंगी। इसके साथ ही निजी स्कूल एसोसिएशन ने भी कहा है, हमें कोई सूचना नहीं है, सभी स्कूल खुले रहेंगे।

चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थोरानी ने बताया है कि चेंबर संविधान के अनुसार किसी भी प्रकार के बंद के समर्थन के लिए 48 घंटे पहले आवेदन होता है और हमें आवेदन आज शाम मिला है। इतनी जल्दी मीटिंग आमंत्रित कर निर्णय नहीं लिया जा सकता है, इसलिए कल होने वाले रायपुर बंद को चेंबर ऑफ कॉमर्स का समर्थन नहीं है। सभी दुकानें अपने निर्धारित समय पर खुलेंगी। तो वहीं प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव गुप्ता ने भी कहा, हमें कोई सूचना नहीं है। ऐसे शुक्रवार को सभी निजी स्कूल खुले रहेंगे।

जोहार पार्टी ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस कर कहा था कि विगत दिनों सोची समझी साजिश के तहत एयरपोर्ट मार्ग के पहले वीआईपी चौक में स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की विशालकाय मूर्ति को आपराधिक तत्वों ने शत-विक्षत कर दिया था। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक यह घटना 23 अक्टूबर के आसपास दिनदहाड़े हुई थी और आरोपी भी पकड़ा जा चुका है, फिर भी जबरिया बंद बुलाया जा रहा है। वहीँ आरोप है कि प्रशासन द्वारा इस घटना को छुपाकर रखना अनेक संदेहों को जन्म देता है।

जोहार पार्टी ने कहा था कि छत्तीसगढ़ की जनता की आवाज को राज्य शासन एवं केंद्र शासन तक लोकतांत्रिक ढंग से पहुंचाने के लिए जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने 31 अक्टूबर 2025 दिन शुक्रवार को राजधानी रायपुर महाबंद का आह्वान किया है। राज्य अस्मिता से हो रहे खिलवाड़ों पर भविष्य में विराम लगाने एवं छत्तीसगढ़िया धर्म-संस्कृति की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक एक दिवसीय रायपुर बंद करना हमारी विवशता है। वहीँ आपको बता दें कि उक्त बंद को किसी भी संगठन अथवा संस्था समर्थन नहीं मिला है।