बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक बड़ा रेल हादसा हुआ है। लाल खदान स्टेशन के पास मालगाड़ी और पैसेंजर ट्रेन आपस में टकरा गई, जिससे कई डिब्बे पटरी से उतर (डिरेल) गए हैं। हादसे में 12 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। रेस्क्यू के लिए रेलवे की टीम मौके पर पहुंच गई है। यह दुर्घटना गटोरा और बिलासपुर स्टेशन के बीच, यानी बिलासपुर स्टेशन से करीब 5 किलोमीटर दूर हुई है। जानकारी के मुताबिक, हादसे में 2 से 8 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।
इस हादसे की सूचना मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। साथ ही एसडीआरएफ और एनडीआरपीएफ की टीम पहुंच गई है। रेलवे के तमाम बड़े अधिकारी भी मौके पर हैं। साथ ही स्थानीय विधायक भी वहां पहुंच गए हैं। अभी रेलवे ट्रैक पूरी तरह से बाधित हैं। बिलासपुर-कटनी रेलखंड पर ट्रेन की आवाजाही पूरी तरह से बंद है। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। टक्कर के बाद पैसेंजर ट्रेन के कई डिब्बे डिरेल हो गए हैं। अब सभी कोच को ट्रैक से हटाया गया है। बिलासपुर सीपीआरओ ने कहा है कि मालगाड़ी आगे चल रही थी कि कोरबा पैसेंजर ट्रेन ने टक्कर मारी है। वहीं, रेलवे ने मृतकों के लिए 10-10 लाख रुपए मुआवजे की घोषणा की है। घायलों को पांच-पांच लाख रुपए की मुआवजे दी जाएगी। हादसों के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है।



