गांजे की तस्करी में पकड़ाये किशन निषाद और छम्मन साहू, लाखों के अवैध गांजे के साथ पुलिस की गिरफ्त में।

राजिम : राज्य में नशे के कारोबार में सबसे ज्यादा बिक्री गांजे की है, यह सस्ता नशा है, जो छत्तीसगढ़ की नस – नस में घोला जा रहा है। राजधानी रायपुर की हर गली में गांजा पीते नशेड़ी मिल जायेंगे। पुलिस लगातार गांजे के तस्करों पर कार्यवाही कर रही है, फिर भी इनका कार्य लगातार जारी है। ऐसे ही अवैध गांजा तस्करी करते दो तस्करों को फिंगेश्वर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में मुखबीर से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की और 2 लाख 70 हजार रुपये के अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को पकड़ा है।

मामले में पुलिस ने बताया है कि, सुपेला भिलाई के रहने वाले 43 वर्षीय किशन निषाद और नवापारा सोनासिल्ली निवासी 32 वर्षीय छम्मन साहू ओडिशा से सेंट्रो कार सी जी 04 बी 0831 से गांजा की अवैध तस्करी कर रहे थे। मुखबीर की सूचना पर फिंगेश्वर पुलिस ने घेराबंदी कर कार से 18 किलो 500 ग्राम गांजा जब्त किया है। वहीं दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामला पंजीबद्ध कर पुलिस जांच में जुटी हुई है। गांजे की तस्करी ओड़िशा के रास्ते से छत्तीसगढ़ में होती है।