खौफनाक हादसा : बस के इंतजार में खड़े ग्रामीणों को तेज रफ्तार कार ने रौंदा, एक की मौत।

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही : तेज रफ़्तार और वाहन चालकों की लापरवाही से आये दिन दुर्घटनाएं सामने आ रही है, ऐसे ही छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहाँ बस के इंतजार में कुछ ग्रामीण सड़क किनारे खड़े हुए थे। इस दौरान तेज रफ्तार कार ने ग्रामीणों को रौंद दिया, जिससे वहां खड़े लोगों में अफरातफरी मच गई। इस भीषण हादसे में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। तो वहीं एक महिला और बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। यह घटना पेंड्रा-सिवनी मुख्य मार्ग के मझगवां गांव के पास की है। इस घटना में कार चालक की जमकर पिटाई कर दी गई।

मामले में मिली जानकारी के मुताबिक, MG Hector काफी स्पीड से आ रही थी। बताया जा रहा है कि कार चालक नशे में धुत्त था। उसने कार से अपना नियंत्रण खो दिया और ग्रामीणों को रौंद दिया। इस घटना के बाद कार सड़क किनारे पलट गई और मौके पर स्थानीय निवासी पहुंच गए, जिसके बाद उन्होंने कार ड्राइवर की जमकर धुनाई कर दी गई। इस घटना की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाईश देकर शांत करवाया, फिर आरोपी चालक और घायल मां-बेटी को अस्पताल पहुंचाया गया। जिसके बाद गंभीर रूप से घायल मां-बेटी को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया गया।